देश की खबरें | सिक्किम में कोविड-19 के 14 नए मामले, नागालैंड में संक्रमण का कोई नया मामला नहीं

गंगटोक/कोहिमा, 20 नवंबर सिक्किम में शनिवार को कोविड-19 के 14 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 32,161 हो गई जबकि इस दौरान किसी रोगी की मौत नहीं होने से मृतक संख्य 403 बनी हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी।

संक्रमण के नए मामलों में पूर्वी सिक्किम से 12 जबकि पश्चिम और दक्षिण सिक्किम से एक-एक मामला सामने आया है। सिक्किम में कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या 125 है। राज्य में अब तक 31,299 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं।

संक्रमण की दर 4.9 प्रतिशत बनी हुई है जबकि ठीक होने की दर 98.3 प्रतिशत है। बुलेटिन के मुताबिक सिक्किम में अब तक 2,67,709 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच हुई है।

इस बीच, नागालैंड में शनिवार को कोविड-19 का कोई नया मामला सामने नहीं आया, जिससे संक्रमितों की संख्या 32,040 बनी हुई है। वहीं, राज्य में संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं होने से मृतक संख्या भी 695 पर स्थिर रही। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य में महामारी की दूसरी लहर की शुरुआत के बाद से यह पहली बार है जब पिछले 24 घंटे में संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। अधिकारी के मुताबिक नागालैंड में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के तीन मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिससे राज्य में संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 30,168 हो गई है।

बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 123 है। संक्रमण से ठीक होने की दर 94.15 प्रतिशत है। राज्य टीकाकरण अधिकारी ऋतु थुर्री के मुताबिक नागालैंड में अब तक 7,23,212 लोग कोविड-19 रोधी टीका लगवा चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)