ताजा खबरें | अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास के लिए 1309 स्टेशनों को चिह्नित किया गया है : सरकार

नयी दिल्ली, दो अगस्त रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय रेलवे ने हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की है और इस योजना के तहत 1309 स्टेशनों को उन्नयन एवं विकास के लिए चिह्नित किया गया है।

लोकसभा में प्रतिभा सिंह, चंद्रशेखर साहू, सुनीता दुग्गल, ओम पवन राजेनिंबालकर, रामदास तडस, के मुरलीधरन, टी आर पारिवेन्धर, राहुल शेवाले, जसकौर मीना, के सुधाकरन, घनश्याम सिंह लोधी, प्रीतम गोपीनाथ मुंडे और हिमाद्रि सिंह के प्रश्न के लिखित उत्तर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी।

सदस्यों ने पूछा था कि क्या रेलवे ने दिसंबर 2022 में देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की है और इस योजना का ब्यौरा क्या है ?

रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेलवे में स्टेशनों के विकास के लिए हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना शुरू की गई है और वर्तमान में इस योजना के तहत 1309 स्टेशनों को उन्नयन एवं विकास के लिए लक्षित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रमुख शहरों और नगरों में स्थित स्टेशनों में से क्षेत्रीय रेलवे से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर स्टेशनों का चयन किया गया है।

वैष्णव ने कहा कि बजटीय निधि का उपयोग अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों के विकास के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत कम संख्या में स्टेशनों को सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकास के लिए लिया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)