देश की खबरें | लंदन में ईरानी दूतावास के बाहर झड़पों के बाद 12 लोग गिरफ्तार

ईरान में 22 वर्षीय माहसा अमिनी की पुलिस हिरासत में मौत के विरोध में बड़ी संख्या में लोग दूतावास के बाहर एकत्रित हुए थे।

मेट्रोपोलिटन पुलिस बल ने कहा कि ज्यादातर प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण थे लेकिन रविवार को कार्यकर्ताओं के एक समूह की पुलिस तथा अलग विचारों वाले अन्य प्रदर्शनकारियों से झड़प हो गयी।

पुलिस ने बताया कि दूतावास इमारत की सुरक्षा की कोशिश कर रहे अधिकारियों पर बोतलें तथा अन्य वस्तुएं फेंकी गयीं तथा प्रदर्शनकारियों ने नजदीकी ‘इस्लामिक सेंटर ऑफ इंग्लैंड’ को भी निशाना बनाया।

उन्होंने बताया कि कम से कम पांच अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि अमिनी को हिजाब न पहनने के लिए गिरफ्तार किया गया था और उसकी 16 सितंबर को मौत हो गयी थी।

ईरानी पुलिस ने कहा कि दिल का दौरा पड़ने के कारण उसकी मौत हुई और उसे प्रताड़ित नहीं किया गया लेकिन उसके परिवार को इस दावे पर संदेह है।

लंदन में यह हिंसा ऐसे वक्त हुई है जब अमिनी की मौत हो लेकर हो रहे प्रदर्शन ईरान के कई शहरों और गांवों तक फैल गए हैं।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा था कि उसने लंदन स्थित फारसी के मीडिया संस्थानों के खिलाफ विरोध जताने के लिए ब्रिटेन के राजदूत सिमोन शेरक्लिफ को तलब किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)