विदेश की खबरें | म्यांमा में सेना के हवाई हमलों में 100 लोगों के मारे जाने की आशंका
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सेना ने फरवरी 2021 में आंग सान सू ची की निर्वाचित सरकार का तख्तापलट कर दिया था। तब से सेना अपने शासन के खिलाफ प्रदर्शनों को दबाने के लिए लगातार हवाई हमले करती रही है। तख्तापलट के बाद से सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 3,000 से अधिक नागरिकों के मारे जाने का अनुमान है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि एक लड़ाकू विमान ने सागैंग क्षेत्र की कनबालु टाउनशिप में पाजिगी गांव के बाहर देश के विपक्षी समूह के एक स्थानीय कार्यालय के उद्घाटन के लिए सुबह आठ बजे एकत्रित लोगों की भीड़ पर बमबारी की। यह क्षेत्र देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 110 किलोमीटर उत्तर में है।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि लगभग आधे घंटे बाद, एक हेलीकॉप्टर के जरिए गोलीबारी की गई। स्वतंत्र मीडिया की खबरों के मुताबिक शुरुआत में 50 लोगों के मारे जाने का अनुमान था, लेकिन यह संख्या अब 100 के आसपास हो चुकी है। सैन्य सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण घटना के बारे में स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। सरकार द्वारा नियंत्रित मीडिया में हमले की कोई खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, ‘‘मैं उस वक्त भीड़ से कुछ दूरी पर था, जब मेरे एक दोस्त ने फोन पर बताया कि एक लड़ाकू विमान मंडरा रहा है। बाद में इस विमान ने भीड़ पर बम गिराए। दोस्त ने बताया कि वह विमान को देखकर पास की खाई में कूद गया और वहां छिप गया।’’

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘‘गोलाबारी में समूह का कार्यालय ध्वस्त हो गया। घटना में करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों को ले जाते वक्त हेलीकॉप्टर के जरिए गोलीबारी की गई।’’

उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में करीब 150 लोग जमा हुए थे और मरने वालों में महिलाएं तथा 20-30 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मारे गए लोगों में सरकार विरोधी सशस्त्र समूहों और अन्य विपक्षी संगठनों के नेता भी शामिल हैं।

विपक्षी समूह नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (एनयूजी) ने एक बयान में कहा, ‘‘आतंकी सेना द्वारा यह जघन्य कृत्य निर्दोष नागरिकों के खिलाफ ताकत के उनके अंधाधुंध इस्तेमाल का एक और उदाहरण है।’’ एनयूजी खुद को सेना के विरोध में देश की वैध सरकार कहता है। मंगलवार को समूह का खोला जा रहा कार्यालय उसके प्रशासनिक नेटवर्क का हिस्सा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)