देश की खबरें | समविद गुरुकुलम की 10 छात्राएं इसरो के युवा वैज्ञानिक के तौर पर चयनित

मथुरा (उप्र), चार अगस्त जनपद के वृन्दावन स्थित वात्सल्य ग्राम सामाजिक संस्था के समविद गुरुकुलम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की 10 छात्राओं का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के 'स्पेस किड्ज़ इंडिया' के तहत बतौर युवा वैज्ञानिक चयन हुआ है।

सभी छात्राएं बुधवार को इसरो के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के लिए रवाना हो गईं।

गौरतलब है कि वात्सल्य ग्राम स्वामी परमानन्द गिरि द्वारा स्थापित परमशक्ति पीठ आश्रम की एक गैर सरकारी संस्था है, जो अनाथ बच्चों एवं परित्यक्त महिलाओं के कल्याणार्थ संचालित है।

स्वामी परमानंद गिरि ने कहा कि स्पेस किड्स इंडिया के अंतर्गत चयनित होना अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ये सभी बेटियां वैज्ञानिक बनने की राह पर आगे बढ़ रही हैं।

समविद गुरुकुलम की निदेशक सुमनलता ने कहा कि स्पेस किड्स इंडिया के अंतर्गत पूरे देश से 75 स्कूलों का चयन किया जाना था, जिसमें समविद गुरुकुलम सीनियर सेकेंडरी स्कूल का भी चयन किया गया है। दस छात्राओं को युवा वैज्ञानिक के रूप में चुना गया है।

गौरतलब है कि इन छात्राओं द्वारा बनाई गई 'चिप', सेटेलाइट का एक हिस्सा है जो अब लांच होने जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)