विदेश की खबरें | पूर्वी चीन में बवंडर की चपेट में आने से 10 लोगों की मौत, चार अन्य घायल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सरकारी प्रसारक ‘सीसीटीवी’ ने बताया कि पहला बवंडर मंगलवार दोपहर जियांगसू प्रांत में सुकियान शहर के कुछ हिस्सों में उठा, जिसकी चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। इस बवंडर के प्रभाव से 137 मकानों के क्षतिग्रस्त होने और फसलों एवं सुअर फार्म को भारी नुकसान पहुंचने की भी खबर है।

‘सीसीटीवी’ के मुताबिक, दूसरा बवंडर जियांगसू प्रांत में सुकियान से करीब 190 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित यानचेंग शहर में मंगलवार शाम को उठा, जिसकी चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई।

ऑनलाइन साझा किए गए वीडियो में बवंडर की चपेट में आई कारें हवा में उड़ती दिख रही हैं, जबकि एक कार हवा के तेज वेग के कारण पलटती हुई नजर आ रही है। वीडियो में एक बहुमंजिला इमारत के ऊपर हवा में मलबा उड़ता भी दिखाई दे रहा है।

‘सीसीटीवी’ ने कहा कि सुकियान क्षेत्र में बिजली एवं यातायात सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।

चीन में बवंडर का उठना दुर्लभ घटना है, लेकिन हाल के वर्षों में जियांगसू में इसके कारण कई लोगों की मौत हुई है। पिछले साल उठे बवंडर की चपेट में आने से प्रांत में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 2021 में चार लोग मारे गए थे। वहीं, उसी साल वुहान शहर में उठे बवंडर की चपेट में आने से आठ लोगों की जान चली गई थी।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)