जरुरी जानकारी | फ्यूचर एंटरप्राइजेज ने 85.71 लाख रुपये के एक और ब्याज भुगतान में चूक की

नयी दिल्ली, 22 जून कर्ज में डूबी फ्यूचर एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एफईएल) ने अपने गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर के लिए 85.71 लाख रुपये के ब्याज का भुगतान नहीं किया है।

एफईएल ने शेयर बाजारों को दी एक सूचना में यह जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि भुगतान की नियत तारीख 21 जून, 2022 थी।

एफईएल ने कहा, ‘‘कंपनी गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर पर ब्याज के संबंध में अपने दायित्वों को पूरा करने में असमर्थ है।’’

नवीनतम चूक 18 करोड़ रुपये की राशि के लिए जारी प्रतिभूतियों के ब्याज से जुड़ी है। इस डिबेंचर पर ब्याज दर प्रति वर्ष 9.55 प्रतिशत है।

उल्लेखनीय है कि किशोर बियानी के अगुवाई वाला फ्यूचर ग्रुप इस महीने तीसरी बार अपने ब्याज का भुगतान नहीं कर सका है।

इससे पहले, मंगलवार को कंपनी ने शेयर बाजार को बताया था कि वह गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) मामले में 6.07 करोड़ रुपये का ब्याज भुगतान नहीं कर पायी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)