विदेश

क्या ढाई लाख डॉलर तक जाएगी बिटकॉइन की कीमत!

पिछले हफ्ते क्रिप्टोकरंसी बिटकॉइन 73 हजार अमेरिकी डॉलर के अपने सर्वोच्च स्तर को छू गया.

क्या ढाई लाख डॉलर तक जाएगी बिटकॉइन की कीमत!
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

पिछले हफ्ते क्रिप्टोकरंसी बिटकॉइन 73 हजार अमेरिकी डॉलर के अपने सर्वोच्च स्तर को छू गया. उसके बाद यह गिरा और 64 हजार के नीचे चला गया. क्या बिटकॉइन और ऊपर जाएगा?आप टिकटॉक और इंस्टारील्स पर बिटकॉइनके चाहने वालों पर यकीन करें तो यह साल बिटकॉइन में निवेश का साल है. ये लोग कह रहे हैं कि इस साल बिटकॉइन की कीमत डेढ़ लाख अमेरिकी डॉलर के पार हो जाएगी. वे आम लोग जो इकोनॉमी की गहरी समझ नहीं रखते लेकिन पैसा बनाना चाहते हैं, पसोपेश में हैं कि क्या वे भी बिटकॉइन के इस ऊफान से कुछ पैसा बना सकते हैं.

सवाल यही है कि क्या बिटकॉइन एक लाख डॉलर को पार कर जाएगा? विशेषज्ञ इस सवाल के अलग-अलग जवाब देते हैं. सिंगापुर की ट्रेडिंग रिसर्च कंपनी ‘10एक्स रिसर्च‘ ने कहा है कि 73 हजार से नीचे गिरने की बिटकॉइन की यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है और यह 59 हजार तक गिर सकता है. फिलहाल बिटकॉइन 67 हजार के आस-पास झूल रहा है.

उधर स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने कहा है कि इस साल के आखिर तक एक बिटकॉइन की कीमत डेढ़ लाख डॉलर तक जा सकती है. बैंक का तो यह भी अनुमान है कि अगले साल यह ढाई लाख तक जाकर उसके बाद दो लाख डॉलर के आसपास रुकेगा.

ईटीएफ निवेश धीमा हुआ

10 एक्स रिसर्च का अनुमान कम अवधि के लिए है जबकि स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने लंबी अवधि की बात की है. इसलिए ये दोनों ही बातें सच हो सकती है. संभव है कि पिछले हफ्ते से गिरना शुरू हुआ बिटकॉइन का ग्राफ एक बार 59 हजार पर जाकर फिर चढ़ने लगे और नए रिकॉर्ड बनाए.

दरअसल, बिटकॉइन में आया ताजा ऊफान एक्सचेंज ट्रेडेड-फंड्स (ईटीएफ) के निवेश का नतीजा है. पिछले कुछ हफ्तों में दुनियाभर के ईटीएफ बिटकॉइन खरीद रहे हैं. यही खरीदी इस क्रिप्टोकरंसी की कीमत को ऊपर की ओर धकेल रही है. लेकिन 10 एक्स का कहना है कि ईटीएफ अपना पैसा निकाल रहे हैं.

फारसाइड इन्वेस्टर्स नाम की एक कंपनी ने बताया है कि पिछले हफ्ते 10 ईटीएफ कुल मिलाकर 2.6 अरब डॉलर निकाल चुके हैं. फारसाइड इन्वेस्टर्स के मुताबिक 10 से 15 मार्च तक के बीच यह पैसा निकाला गया. 13 मार्च को ही बिटकॉइन ने 73 हजार को पार किया था और 15 मार्च को यह गिरकर 65 हजार पर आ गया था.

10 एक्स रिसर्च का कहना है कि बिटकॉइन में लगने वाले ईटीएफ के पैसे की गति अब धीमी पड़ रही है. सोमवार को 10 एक्स के संस्थापक मार्कुस थीलन ने लिखा था कि ईटीएफ अब 59 हजार की ओर बढ़ रहा है.

अपनी रिपोर्ट में थीलन ने लिखा, "लोग इस बात को पसंद नहीं करेंगे लेकिन बिटकॉइन में अब ईटीएफ का निवेश धीमा पड़ रहा है. हमारे इंडीकेटर्स बताते हैं कि 59035 तक गिरावट की संभावना ज्यादा है.”

थमा नहीं है ऊफान

हालांकि इस रिपोर्ट में थीलन ने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ करेक्शन है और बिटकॉइन का ऊफान अभी थमा नहीं है. उन्होंने कहा, "हम अभी भी कह सकते हैं कि आने वाले महीनों में बिटकॉइन काफी ऊपर जाएगा क्योंकि खरीदारों का उत्साह जारी रह सकता है. अगर यह 2021 के सर्वोच्च स्तर 70 हजार को दोबारा पार कर लेता है तो नई ऊंचाइयों का रास्ता खुल सकता है.”

स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने भी अपने निवेशकों को भेजे एक ईमेल में ऐसी ही संभावना जाहिर की है. बैंक ने अनुमान जाहिर किया कि इस साल के आखिर तक बिटकॉइन की कीमत डेढ़ लाख डॉलर पर जा सकती है. बैंक ने यह भी कहा है कि अगले साल एक बिटकॉइन की कीमत ढाई लाख तक जाकर दो लाख पर लौट आने की संभावना है.

बैंक का यह अनुमान सोने की कीमतों के आधार पर है. अमेरिका में जब सोने में ईटीएफ के निवेश की इजाजत दी गई थी, तब सोने की कीमत का उभार भी कुछ इसी तरह हुआ था. अमेरिका में इस साल जनवरी में ही बिटकॉइन में ईटीएफ का निवेश शुरू हुआ था.

सोमवार को अपने निवेशकों को भेजे ईमेल में स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने लिखा, "अगर ईटीएफ का निवेश हमारे अनुमान यानी 75 अरब डॉलर तक पहुंचता है तो बहुत संभावना है कि 2025 में किसी वक्त यह ढाई लाख को छू सकता है.

पर बिटकॉइन का इतिहास बहुत बड़े उतार-चढ़ाव का रहा है. 1 नवंबर 2021 को उसने 68,800 की ऊंचाई छुई थी लेकिन उसके बाद जो यह गिरना शुरु हुआ तो दिसंबर 2023 तक 15 हजार पर आ गया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 19, 2024 12:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).