Ind vs Afg, ICC CWC 2019: हैट्रिक लेने वाले मोहम्मद शमी ने जसप्रीत बुमराह को लेकर कही ये बात
अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दिलाने पर भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा कि जसप्रीत बुमराह ने 49वें ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए उनके लिए अपने प्लान को आजमाने के रास्ते खोल दिए थे. बुमराह ने 49वें ओवर में सिर्फ पांच रन खर्च किए और अंतिम ओवर में शमी को 16 रनों के लक्ष्य को बचाना था.
साउथम्पटन : हैट्रिक के साथ भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दिलाने वाले भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने कहा कि जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने 49वें ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए उनके लिए अपने प्लान को आजमाने के रास्ते खोल दिए थे. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 224 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय अफगान टीम जीत के करीब दिख रही थी. उसे अंतिम 12 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे. बुमराह ने 49वें ओवर में सिर्फ पांच रन खर्च किए और अंतिम ओवर में शमी को 16 रनों के लक्ष्य को बचाना था. विश्व कप में पहला मैच खेल रहे शमी ने पहली गेंद पर मोहम्मद नबी (52) को चौका दिया. शमी ने इसके बाद नबी सहित लगातार तीन विकेट लेते हुए अपनी टीम को 11 रनों से जीत दिला दी.
यह भी पढ़ें : तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा- ‘यो-यो टेस्ट के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं था’
शमी ने मैच के बाद बुमराह के साथ चर्चा के दौरान कहा, "आपने (बुमराह) मेरे लिए इतने रन छोड़ दिए थे कि मैं आसानी से अपने प्लान आजमा सकता था. अंतिम 12 गेंदों पर 21 रन चाहिए थे और मुझे पूरा यकीन था कि बुमराह मेरे लिए काफी रन छोड़ेंगे. मुझे आपके साथ गेंदबाजी करके वाकई मजा आया."
शमी विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले चेतन शर्मा ने 1987 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी. शमी को इस मैच में चोटिल भुवनेश्वर कुमार के स्थान पर मौका मिला था. शमी ने इस मैच में 40 रन देकर चार विकेट लिए और अपनी उपयोगिता को एक बार फिर साबित किया.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2019 10:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

