Building Collapse Video: शिमला में भरभरा कर गिरी 5 मंजिला इमारत, बाल-बाल बचे लोग, हादसे का वीडियो वायरल
(Photo : X)

5 Storey Building Collapsed in Shimla: शिमला के डिग्री कॉलेज 16 मिल के पास नेशनल हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इमारत को हुए नुकसान को देखते हुए यह महज संयोग ही कहा जा सकता है.

घटना धामी 16 मिल के पास हुई, जहां कथित तौर पर एक प्लॉट को काटने का काम चल रहा था. इस दौरान अचानक पास में बनी पांच मंजिला इमारत का एक हिस्सा मिट्टी में धंस गया और धराशायी हो गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे इमारत भरभराकर पलभर में मलबे के ढेर में तब्दील हो जाती है.

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि प्लॉट काटने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके चलते मिट्टी धंसने से इमारत को नुकसान पहुंचा. हालांकि, अभी तक यह सिर्फ एक अनुमान है और जांच के बाद ही हादसे का असली कारण सामने आएगा. हादसे के बाद से इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है.