फैशन

सर्दियों में आपके बाल हो सकते हैं रूखे और बेजान, इन 5 दमदार नुस्खों से रखें बालों का खास ख्याल

घने और लंबे बालों वाली महिलाओं के लिए सर्दियों के मौसम में बालों का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है. मौसम में बदलाव के कारण अधिकांश महिलाओं को डैंड्रफ, बालों का झड़ना, दो मुंहे बाल और रूखे व बेजान बालों की समस्या होने लगती है. ऐसे में इन 5 दमदार घरेलू नुस्खों से बालों की समस्याओं से निजात पाई जा सकती है.

सर्दियों में आपके बाल हो सकते हैं रूखे और बेजान, इन 5 दमदार नुस्खों से रखें बालों का खास ख्याल
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

Winter Hair Care Tips: सर्दियों का मौसम (Winter Season) आ चुका है और मौसम में आए इस बदलाव का लोगों की स्किन और बालों (Skin and Hair) पर सीधा असर पड़ सकता है. अक्सर सर्दियों के मौसम में लोगों को बालों से जुड़ी समस्याएं (Hair Problems) होने लगती हैं. खासकर घने और लंबे बालों वाली महिलाओं के लिए सर्दियों के मौसम में बालों का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है. मौसम में बदलाव के कारण अधिकांश महिलाओं को डैंड्रफ (Dandruff), बालों का झड़ना (Hair Fall), दो मुंहे बाल (Split ends) और रूखे व बेजान बालों की समस्या होने लगती है. वैसे तो रोजाना हमारे कुछ न कुछ बाल गिरते हैं, लेकिन अगर सामान्य से ज्यादा बाल झड़ने लगे तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए.

अब जब सर्दियों का मौसम दस्तक दे चुका है तो जाहिर सी बात है कि आपको बालों की समस्याओं से दो-चार होना पड़े, लेकिन अगर आप अपने बालों की सेहत के प्रति सजग हैं तो हम आपको बताने जा रहे हैं 5 दमदार घरेलू उपाय (Home Remedies for Hair), जिनकी मदद से आप सर्दियों के मौसम में भी अपने बालों को सेहतमंद बनाए रख सकती हैं.

1- एवोकाडो

सर्दियों के मौसम में बालों को डैमेज होने से बचाना है तो इसमें एवोकाडो आपकी काफी सहायता कर सकता है. इसके लिए एक अंडे के साथ एवोकाडो को अच्छे से मिलाकर पैक तैयार करना होगा और फिर उसे बालों पर लगाकर 20 मिनट के लिए ऐसे ही रहने देना होगा. इसके बाद बालों को सादे पानी से धो लें. इस उपाय के नियमित इस्तेमाल से सर्दियों के मौसम में भी बाल हेल्दी बने रहेंगे.

2- ग्रीन टी

जिस तरह से ग्रीन टी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है, उसी तरह से इसे बालों की सेहत के लिए भी कारगर माना जाता है. सर्दियों के मौसम में अक्सर बालों के झड़ने की समस्या बढ़ जाती है. ऐसे में बालों पर ग्रीन टी का पैक बनाकर लगाने से बालों का झड़ना कम होने लगता है. दरअसल, इसमें कैटेचिन नामक तत्व पाया जाता है, जिससे बालों का गिरना रूक जाता है और बाल हेल्दी होते हैं.

3- छाछ

खाने के बाद कई लोग छाछ पीते हैं, क्योंकि इसे पेट और पाचन के लिए अच्छा माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सर्दियों में आपके बालों को हेल्दी बनाए रखने में भी छाछ आपके बेहद काम आ सकता है. जी हां, सर्दियों के मौसम में बालों को छाछ से धोने पर उन्हें पोषण मिलता है और बाल  सुंदर और घने होते हैं.

4- प्याज

सर्दियों के मौसम में बालों का गिरना बेहद आम समस्या है. ऐसे में बालों को झड़ने से रोकने के लिए आप घरेलू उपाय के तौर पर प्याज का इस्तेमाल कर सकती हैं. इसके लिए प्याज के रस को बालों की जड़ों में लगाकर दो घंटे के लिए छोड़ दें और फिर सादे पानी से धो लें. इससे बालों के गिरने की समस्या काफी हद तक कम होने लगेगी. यह भी पढ़ें: Winter Care Tips: सर्दियों में सेहत के लिए जादुई साबित हो सकती हैं ये लाल सब्जियां एवं फल! चमकीली त्वचा के साथ बनाती हैं निरोगी काया!

5- नींबू

सर्दियों के मौसम में डैंड्रफ की समस्या के चलते अधिकांश महिलाओं के बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं. ऐसे में बालों से डैंड्रफ का सफाया करने के लिए स्कैल्प पर नींबू का रस लगाना चाहिए. नींबू के रस को बालों पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें और फिर कुछ देर बाद पानी से बालों को धो लें. इससे डैंड्रफ की समस्या से छुटकारा मिलेगा और बालों की लंबाई भी बढ़ेगी.

गौरतलब है कि इन घरेलू नुस्खों की खासियत तो यह है कि इसमें न तो फिजूल के पैसे खर्च होते हैं और न ही इसका कोई साइडइफेक्ट होता है. इन उपायों को आजमाने पर कुछ ही दिनों में बालों पर इसका सकारात्मक परिणाम भी दिखाई देने लगता है.

नोट- इस लेख में दी गई तमाम जानकारियों को केवल सूचनात्मक उद्देश्य से लिखा गया है. इसकी वास्तविकता, सटीकता और विशिष्ट परिणाम की हम कोई गारंटी नहीं देते हैं. इसमें दी गई जानकारियों को किसी बीमारी के इलाज या चिकित्सा सलाह के लिए प्रतिस्थापित नहीं किया जाना चाहिए. इस लेख में बताए गए टिप्स  पूरी तरह से कारगर होंगे या नहीं इसका हम कोई दावा नहीं करते है, इसलिए किसी भी टिप्स या सुझाव को आजमाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 29, 2019 04:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).