Ramadan Moon Sighting 2024: भारत में कब होगा रमजान के चांद का दीदार? जानें रमजान के चांद का महत्व?
कयास लगाया जा रहा है कि भारत में 11 मार्च 2024, सोमवार को चांद नजर आ सकता है. जाने इस बारे में विस्तार से..
रमजान का पवित्र महीना करीब आ रहा है. इस संदर्भ में महत्वपूर्ण पहलू है रमजान के चांद का दीदार होना. रमजान की शुरुआत के लिए महत्वपूर्ण है अर्ध चंद्रमा का नजर आना. इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना रमजान इस्लाम से जुड़े अनुयायियों के बीच काफी महत्व रखता है. इस शुभ माह के दौरान मुसलमान विशेष प्रार्थनाएं करते हैं, सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जल उपवास रखते हैं, इस दरम्यान लोग जनकल्याण, आध्यात्मिक विकास, सौहार्द एवं आत्मशुद्धि के लिए तमाम प्रयास करते हैं, जिसे रोजा कहा जाता है. इस साल यानी 2024 में रमजान माह 11 या 12 मार्च से शुरू होने की संभावना है. सही तारीख रमजान का आधा चांद दिखने के बाद ही तय की जा सकेगी. भारत अथवा अन्य देशों में रमजान का चांद कब दिखेगा, आइये जानते हैं. Ramadan Date 2024: कब शुरू हो रहा है रमजान का महीना? जानें इस्लाम के सबसे पवित्र माह के बारे में आवश्यक जानकारियां!
भारत में रमज़ान का चाँद (भारत) दिखने की तारीख
हमेशा की तरह इस वर्ष भी रमजान माह मक्का में चाँद दिखने के आधार पर 11 या 12 मार्च 2024 से शुरू होगा. इस्लामिक परंपराओं के अनुसार, रमजान का चांद सर्वप्रथम सऊदी अरब में देखा जाता है. इसके बाद भारत और अन्य पश्चिमी देशों में देखा जाता है, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से एक दिन पहले सऊदी अरब में रमजान का चांद दिखता है. उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष सऊदी अरब में रमजान का चांद 10 मार्च 2024 को की शाम तक दिख सकता है, ऐसी स्थिति में भारत में 11 मार्च 2024 को भारत में भी अर्धचंद्र दिख सकता है.
रमजान के चांद का महत्व
चांद का दर्शन होने के बाद ही रमजान का पवित्र महीना शुरू होता है. रमजान ही नहीं बल्कि मुसलमानों के लगभग अधिकांश त्योहारों ईद-उल-फितर, ईद-उल-जुहा अथवा हज आदि के शुभ समय का निर्धारण करने के लिए चांद का दीदार अत्यंत महत्वपूर्ण है. देखा जाए तो रमजान के चांद के दीदार का इतिहास बहुत पुराना और बड़ा है. प्रत्येक वर्ष 29 शाबान को चंद्रमा देखने वाली कमेटी सूर्यास्त के तुरंत पश्चात अर्धचंद्र देखना शुरू करती है. इस इस्लामिक परंपरा का लंबे दशकों से पालन किया जा रहा है. गौरतलब है कि रमजान की शुरुआत और अंत में चांद देखना अनिवार्य है, क्योंकि शुरुआत का चांद देखने के बाद रमजान की शुरुआत होती है, और अंतिम दिन का चांद देखने के बाद ईद-उल-फितर का त्यौहार मनाया जाता है.
भारत में रमजान (2024) की संभावित एवं महत्वपूर्ण तिथियां
रमजान चांद का दीदारः 11 मार्च 2024
रमजान की आरंभिक तिथिः 11 मार्च 2024, सोमवार (संभावित)
रमजान समाप्ति की तिथि 09 अप्रैल 2024, मंगलवार (संभावित)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2024 07:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

