International Democracy Day 2019: लोकतंत्र के जश्न का पर्व है अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस, जानिए इसका इतिहास और महत्व
दुनियाभर में हर साल 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस मनाया जाता है. 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाए जाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा में 8 नवंबर 2007 को पारित किया गया था. इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा देना और उसे बनाए रखना है.
International Democracy Day 2019: दुनियाभर में हर साल 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस (International Democracy Day) मनाया जाता है. लोकतंत्र (Democracy) की परिभाषा के अनुसार, यह जनता द्वारा, जनता के लिए और जनता का शासन है. लोकतंत्र की बदौलत ही जनता को अपनी भावनाओं को स्वतंत्र रुप से अभिव्यक्त करने की आजादी मिलती है, लोगों को समानता का अधिकार मिलता है और किसी भी तरह के पक्षपात का डर नहीं होता है. बात करें भारत के लोकतंत्र की तो यह विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है. भारत के मतदाता अपने वोट से अगर कोई सरकार बना सकते हैं तो वो उसे गिरा भी सकते हैं. अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों के लोगों को लोकतंत्र का जश्न मनाने का मौका प्रदान करता है.
दरअसल, 15 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाए जाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में 8 नवंबर 2007 को पारित किया गया था. इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा देना और उसे बनाए रखना है. इस दिन लोकतंत्र के प्रति जन जागरूकता पैदा करने के लिए सभी सदस्य देशों को एक मंच पर आमंत्रित किया जाता है.
दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है भारत
भारत को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रुप में जाना जाता है. क्षेत्रफल के हिसाब से भारत दुनिया का सातवां सबसे बड़ा देश है, जबकि आबादी के हिसाब से यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है, इन्हीं वजहों से भारत को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रुप में भी जाना जाता है. लोकतंत्र सरकार की एक प्रणाली है जो नागरिकों को वोट देने और अपनी पसंद की सरकार का चुनाव करने की अनुमति देती है. लोकतंत्र को विश्व के सबसे अच्छे शासन प्रणाली के रुप में जाना जाता है. यह भी पढ़ें: Engineer's Day 2019: 15 सितंबर को क्यों मनाया जाता है इंजीनियर्स डे, जानिए कौन थे डॉ. एम. विश्वेश्वरैया
यह देश के प्रत्येक नागरिक को वोट देने और उनकी जाति, रंग, पंथ, धर्म या लिंग के बावजूद अपनी इच्छा से अपने नेताओं का चयन करने की इजाजत देता है. हमारे देश में सरकार आम लोगों द्वारा चुनी जाती है. यहां यह कहना गलत नहीं होगा कि यह उनकी बुद्धि और जागरूकता ही है, जिसके कारण वो सरकार की सफलता या असफलता निर्धारित करतें हैं.
साल 2019 की थीम है 'भागीदारी'
अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस हर साल एक अलग थीम के साथ मनाया जाता है. हर साल की तरह इस साल भी इस दिवस के लिए एक थीम निर्धारित किया गया है. इस साल अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस की थीम भागीदारी (Participation) है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस यह याद रखने का दिन है कि लोकतंत्र लोगों के लिए है, जो देश के हर नागरिक को समानता और भागीदारी का समान अधिकार प्रदान करता है. इसके साथ ही यह शांति, निरंतर विकास और मानवाधिकारों की बुनियादी इमारत है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2019 10:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

