नोएडा: बजरंग दल के नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
नोएडा में गुरुवार रात बजरंग दल के एक नेता की हत्या मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक के परिजन का आरोप है कि सट्टा, गांजा और अवैध करोबार करने वालों का विरोध करने पर गुरुवार रात बजरंग दल के नेता अजय चौधरी की हत्या कर दी गयी.
नोएडा: नोएडा में गुरुवार रात बजरंग दल के एक नेता की हत्या मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मृतक के परिजन का आरोप है कि सट्टा, गांजा और अवैध करोबार करने वालों का विरोध करने पर गुरुवार रात बजरंग दल के नेता अजय चौधरी की हत्या कर दी गयी. घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन ने सेक्टर आठ में शुक्रवार को जमकर हंगामा किया और थाने का घेराव किया. उनका आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से लोग सट्टा और गांजे का धंधा कर रहे हैं. उन्होंने एक करोड़ रुपए का मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले में झुंडपुरा चौकी प्रभारी जे एस तोमर को निलंबित कर दिया है.
पुलिस उपाधीक्षक नगर अवनीश कुमार ने बताया कि सेक्टर आठ में रहने वाले अजय चौधरी की गुरुवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामले में उनके भाई विजय चौधरी ने थाना सेक्टर 20 में अशरफ उर्फ गटवा, जफर, सरताज, रफीक, सत्ताबू, जीतू यादव तथा दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि मृतक अजय चौधरी बजरंग दल का नेता था.
पीड़ित के भाई ने बताया कि अजय ने पुलिस से गांजा बेचने वाले, शराब की तस्करी करने वाले, सट्टे का अड्डा चलाने वाले और देह व्यापार में लिप्त लोगों की शिकायत की थी. उसने आरोप लगाया कि सट्टे का कारोबार करने वालों ने ही उसके भाई की गोली मारकर हत्या की है. अधिकारी ने बताया कि मामले में जांच कर रही थाना सेक्टर 20 पुलिस ने जफर अली, सिताबू तथा सरताज को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2018 02:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

