West Bengal: जेपी नड्डा बोले- नंदीग्राम में ममता बनर्जी की हार तय, दूसरी सीट तलाश रहीं हैं दीदी
जेपी नड्डा ने कहा है कि ममता बनर्जी दूसरी सीट से लड़ने का मन बना रही हैं ये जानकारी ममता के लोगों ने ही दी है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, पश्चिम बंगाल के नतीजे इस बार चौंकाने वाले आएंगे. ममता जी के राज की छुट्टी करने के लिए बंगाल की जनता आतुर बैठी है.
कोलकाता: पश्चिम बंगाल (West Bengal) में चुनावी घमासान जारी है. इस बीच बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (J. P. Nadda) ने एक बार फिर भरोसा जताया है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बन रही है. साथ ही उन्होंने टीएमसी और कांग्रेस पर तंज भी कसा है. जेपी नड्डा ने कहा है कि ममता बनर्जी दूसरी सीट से लड़ने का मन बना रही हैं ये जानकारी ममता के लोगों ने ही दी है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, पश्चिम बंगाल के नतीजे इस बार चौंकाने वाले आएंगे. ममता जी के राज की छुट्टी करने के लिए बंगाल की जनता आतुर बैठी है, पहले दो चरण में ये साफ हो गया है कि टीएमसी साफ और बीजेपी आ रही है. नंदीग्राम में भी बीजेपी की जीत निश्चित है. पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- बंगाल की जनता ममता बनर्जी से नाराज, इस चुनाव में सजा देकर रहेगी.
जेपी नड्डा ने कहा, "ये ममता बनर्जी की रणनीति है, वह जानती हैं. लेकिन हमारे पास जानकारी है कि वह किसी दूसरे निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ने का सोच रही हैं. उनके लोगों ने मुझे यह बताया है. उनके घर के लोग ही बता रहे हैं. इसकी गारंटी मैं नहीं लेता, लेकिन यह तय है कि वह नंदीग्राम में हार रही हैं."
जेपी नड्डा ने कहा, तमिलनाडु में हम AIADMK के साथ सरकार बनाएंगे, पुडुचेरी में हम एनडीए की सरकार बना रहे हैं और केरल में भी हम एक शक्ति के रूप में उभरने वाले हैं. उन्होंने कहा, असम ने बीजेपी-एनडीए को समर्थन देने का मन बना लिया है. पूरे असम ने बीजेपी-एनडीए को वोट देने का फैसला किया है. हम यहां सरकार बनाएंगे.
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, राहुल गांधी जी की जानकारियां बहुत सीमित हैं, उनको असम की संस्कृति का ज्ञान थोड़ा कम है. अवसरवादी राजनीति करने वाले लोगों और डूबते को तिनके का सहारा ही काफी होता है तो ऐसे लोग बदरुद्दीन को ही पकड़ के चलेंगे.
जेपी नड्डा ने कहा, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में इन्होंने (कांग्रेस) कहा था कि हम किसानों का ऋण 7 दिन में माफ करेंगे, नहीं तो मुख्यमंत्री जाएगा. एक मुख्यमंत्री को तो जनता ने ही हटा दिया, बाकी मुख्यमंत्रियों को आप कब हटाने वाले हैं? झूठ का पुलिंदा का नाम कांग्रेस पार्टी है.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस पार्टी जहां भी जाएगी घोटाला करेगी. इनको सेवा का 'स' भी टच नहीं करता है, ये ही इनका इतिहास रहा है. ये इतना उद्देश्यविहीन प्रोजेक्शन देते हैं कि वो कांग्रेस के मानसिक दिवालियेपन की कहानी कहता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2021 11:49 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

