देश

गुजरात के कच्छ का दौरा करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीमा सुरक्षा बल के जवानों को करेंगे संबोधित

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज गुजरात के कच्छ के ढोर्दो शहर जाएंगे. इस दौरान शाह सीमावर्ती जिले के ग्राम प्रधानों के साथ ही सीमा सुरक्षा बल के जवानों को संबोधित भी करेंगे. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कार्यक्रम में भाग लेंगे.

गुजरात के कच्छ का दौरा करेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीमा सुरक्षा बल के जवानों को करेंगे संबोधित
गृह मंत्री अमित शाह (Photo Credits: PTI)

गांधीनगर, 12 नवंबर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम (Border Area Development Program) के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आज (गुरुवार) गुजरात के कच्छ के ढोर्दो शहर जाएंगे. इस दौरान शाह सीमावर्ती जिले के ग्राम प्रधानों के साथ ही सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को संबोधित भी करेंगे. गुरुवार सुबह शाह बीएडीपी से संबंधित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. वह गुजरात के तीन सीमावर्ती जिलों कच्छ, पाटन और बनासकांठा के ग्राम प्रधानों के साथ एक बैठक को भी संबोधित करेंगे. कार्यक्रम में 158 गांवों के सरपंच भी हिस्सा लेंगे. कच्छ के 106, पाटन के 35 और बनासकांठा के 17 सरपंच बैठक में भाग लेंगे.

बीएडीपी के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य से जुड़े विकासात्मक कार्यों पर चर्चा होगी. एक सूत्र ने कहा कि शारीरिक दूरी को बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कोरोना से बचाव के लिए निर्धारित नियमों का पालन करते हुए विशेष तौर पर 1500 लोगों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है. शाह के संबोधन से पहले, बीएसएफ गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपने काम के बारे में विस्तृत जानकारी देगी. इस दौरान कुछ सरपंच भी अपने अनुभव भी साझा करेंगे. केंद्रीय मंत्री बीएसएफ के जवानों को स्पेशल ऑपरेशन मेडल से सम्मानित करेंगे.

यह भी पढ़ें: Bihar Election Results 2020: पीएम मोदी ने NDA को मौका देने के लिए बिहार के लोगों का जताया आभार, अमित शाह बोले- देश को गुमराह करने वालों के लिए सबक

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कार्यक्रम में भाग लेंगे. उनके अलावा केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण और पंचायत मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, गुजरात राज्य मंत्री (गृह) प्रदीप सिंह जडेजा और गुजरात पर्यटन राज्यमंत्री वसनभाई अहीर भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम के बाद, शाह के कच्छ स्थित माता आशापुरा के मंदिर में जाने की भी संभावना है. सूत्रों के मुताबिक, दिवाली के उत्सव के दौरान शाह अहमदाबाद में अपने परिवार के साथ भी कुछ समय बिता सकते हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2020 08:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).