एजेंसी न्यूज

कुलदीप बिश्नोई की अपनी ही पार्टी को सलाह, कहा- चुनाव नहीं लड़ रहे नेताओं को दूसरी जिम्मेदारी दे कांग्रेस

राजस्थान में चल रही सियासी उठापठक के बीच कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने पार्टी के निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे वरिष्ठ नेताओं पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘पार्टी आलाकमान को उन लोगों को कुछ और जिम्मेदारी देनी चाहिए जो 30-35 वर्षों से कुर्सियों पर जमे हैं और कोई चुनाव नहीं लड़ा.’

कुलदीप बिश्नोई की अपनी ही पार्टी को सलाह, कहा- चुनाव नहीं लड़ रहे नेताओं को दूसरी जिम्मेदारी दे कांग्रेस
कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई (Photo Credit-Twitter)

राजस्थान में चल रही सियासी उठापठक के बीच कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने पार्टी के निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे वरिष्ठ नेताओं पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ‘पार्टी आलाकमान को उन लोगों को कुछ और जिम्मेदारी देनी चाहिए जो 30-35 वर्षों से कुर्सियों पर जमे हैं और कोई चुनाव नहीं लड़ा।’

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पुत्र बिश्नोई ने यह भी कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के जाने और सचिन पायलट के बगावत करने से कांग्रेस को बहुत नुकसान हुआ है और आलाकमान को राज्यों में भाजपा को टक्कर देने के लिए जनाधार वाले नेताओं को आगे लाना चाहिए।

यह भी पढ़े | असम के 25 जिलों में बाढ़ से 26,69,900 से ज़्यादा लोग हुए प्रभावित: 23 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने ट्विटर पर जारी एक वीडियो में कहा, ‘‘ मैंने सोशल मीडिया में सिंधिया और पायलट के साथ एक तस्वीर डाल दी तो लोग अफवाहें फैलाने लगे कि मैं भाजपा में जा रहा हूं। भाजपा के लोगों में इतनी घबराहट है कि वो इस तरह की अफवाहें फैलाते हैं।’’

हरियाणा विधानसभा के सदस्य ने कहा, ‘‘सिंधिया और पायलट मेरे अच्छे दोस्त हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। वो बहुत बेहतरीन नेता हैं, इसमें भी कोई दो राय नहीं है। उनके पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को जबरदस्त नुकसान हो रहा है। उनके साथ पार्टी ने जो व्यवहार किया उससे कार्यकर्ताओं में बहुत मायूसी है।’’

यह भी पढ़े | Ayodhya Ram Temple Construction: राम मंदिर भूमि पूजन को यादगार बनाने की तैयारी में विश्व हिन्दू परिषद.

बिश्नोई ने मौजूदा समय में कांग्रेस के निर्णयों में दखल रखने वाले वरिष्ठ नेताओं को परोक्ष रूप से निशाने पर लेते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस आलाकमान से कहना चाहूंगा कि राज्यों में जन नेताओं को आगे लेकर आएं क्योंकि वही लोग भाजपा को टक्कर दे पाएंगे। जो लोग पिछले 30-35 वर्षों से कुर्सियों पर जमे बैठे हैं और कोई चुनाव नहीं लड़े, उन्हें कोई और जिम्मेदारी दी जाए क्योंकि हम बहुत बड़े युद्ध के लिए जा रहे हैं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि वह कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे और पार्टी में उनके सिर्फ दो नेता, राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी हैं।

बिश्नोई ने कहा, ‘‘ हम जन्मजात कांग्रेसी हैं। हमने कांग्रेस कभी नहीं छोड़ी। हमने सिर्फ यह कहा कि हरियाणा में असली कांग्रेस चौधरी भजन लाल की कांग्रेस है। इसलिए हमने ‘हरियाणा जनहित कांग्रेस’ को लेकर संघर्ष किया था। मैं कभी भाजपा या बसपा के दरवाजे पर नहीं गया। वो लोग मेरे दरवाजे पर आए थे। बाद में हमारे साथ धोखा किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दो नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हैं। हालांकि इसका मुझे तीन-चार से बहुत नुकसान हो रहा है। लेकिन मैं परवाह नहीं करता। राहुल और प्रियंका मेरे नेता हैं और रहेंगे।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 23, 2020 01:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).