Kerala: उच्च शिक्षा मंत्री केटी जलील ने दिया इस्तीफा, सत्ता के दुरुपयोग का है आरोप
केरल के उच्च शिक्षा मंत्री केटी जलील (KT Jaleel) ने राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है. जलील को बतौर लोक सेवक अपने पद का दुरुपयोग कर एक रिश्तेदार को फायदा पहुंचाने का दोषी ठहराया गया है.
कोच्चि: केरल के उच्च शिक्षा मंत्री केटी जलील (KT Jaleel) ने राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है. जलील को बतौर लोक सेवक अपने पद का दुरुपयोग कर एक रिश्तेदार को फायदा पहुंचाने का दोषी ठहराया गया है. पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री को सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में लोकायुक्त ने कहा था कि जलील को मंत्री पद पर बरकरार नहीं रखा जाना चाहिए. लोकायुक्त की खंडपीठ ने कहा था कि मंत्री के खिलाफ सत्ता का दुरुपयोग, पक्षपात और भाई-भतीजावाद के आरोप साबित हुए हैं.
जलील ने इस्तीफे की घोषणा फेसबुक पर की. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "यह उन लोगों के लिए एक अस्थायी जीत है जो मेरा खून चूसना चाहते थे. मैं खुशी के साथ घोषणा कर रहा हूं कि मैंने मुख्यमंत्री को अपना त्याग पत्र दे दिया है.'
उन्होंने लिखा, 'मैं एक लोक सेवक हूं, जिसे पिछले दो वर्षों से मीडिया ने शिकार बनाया. ऐसा इसलिए नहीं है क्योंकि मैंने चोरी की थी, न तो मैं भ्रष्ट था और न ही मैंने अनुपातहीन संपत्ति बनाई थी. ऐसा इसलिए नहीं था क्योंकि मैंने सरकारी खजाने को एक पैसा भी नुकसान पहुंचाया था.'
बता दें कि मुस्लिम यूथ लीग ने दो नवंबर 2018 को आरोप लगाया था कि नियमों का उल्लंघन कर अदीब के टी को केरल राज्य अल्पसंख्यक विकास वित्त निगम का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया था जोकि जलील के रिश्तेदार हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2021 02:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

