कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में पकौड़े बेच सत्ताधारियों का मजाक उड़ाया
राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शनिवार को हुई कांग्रेस की रैली के दौरान पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न अंदाज में दिखे. युवाओं को रोजगार मुहैया करा पाने में भाजपा सरकार की असमर्थता का मजाक उड़ाने के लिए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पकौड़े व चाय बेचते देखे गए.
राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शनिवार को हुई कांग्रेस की रैली के दौरान पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न अंदाज में दिखे. युवाओं को रोजगार मुहैया करा पाने में भाजपा सरकार की असमर्थता का मजाक उड़ाने के लिए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पकौड़े व चाय बेचते देखे गए. रैली के दौरान कई लोगों ने 'मोदी है तो मंदी है' का नारा दिया. कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाद्य पदार्थो व प्याज की आसमान छूती कीमत पर विरोध दर्ज कराने के लिए अपने गले में प्याज की माला पहन रखी थी. रैली स्थल की ओर जाने वाली सड़कों पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे व पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, उनकी बेटी व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के पोस्टर और तख्तियां लगी थीं.
विभिन्न पोस्टरों में बढ़ती बेरोजगारी, कृषि संकट, प्याज की बढ़ती कीमतों, महंगाई और आर्थिक मंदी को कटाक्ष करते हुए पेश किया गया था. बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मजाक उड़ाने के लिए कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीक्षांत समारोह के दिन पहनी जाने वाली पोशाक पहनी और रैली स्थल के पास चाय और पकौड़े बेचे. कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने कीमतों में वृद्धि पर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए कागज से बनी टोपी पहनी, जिन पर गैस सिलेंडर और इसका मौजूदा दाम 885 रुपये अंकित था.
इसके साथ ही कई लोगों ने पिछले छह वर्षों में मोदी सरकार की विफलताओं का वर्णन करते हुए ड्रम बजाते हुए गीत भी गाए. जब प्रियंका गांधी ने अपना संबोधन शुरू किया तो भीड़ आवेश में आ गई और उन्होंने अपनी प्रिय नेता व कांग्रेस के पक्ष में जमकर नारे लगाए. रैली को संबोधित करने के लिए जब राहुल गांधी आए तो लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया. इस दौरान लोगों ने उन्हें फिर से पार्टी का नेतृत्व करने के लिए आगे आने की मांग भी की. कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने कहा, "मैं राहुल सावरकर नहीं, बल्कि राहुल गांधी हूं. मैं सच बोलने के लिए माफी नहीं मांगूंगा".
इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर बोले, "राहुल भैया मत घबराना, हम तुम्हारे साथ हैं. राहुल भैया तुम पार्टी चलाओ." लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी के संबोधन पर भी खूब तालियां बजाईं.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 14, 2019 11:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

