PM मोदी का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए कांग्रेस ने लिखा खत
वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज है. लेकिन कांग्रेस पार्टी उनके नाम पर एक और रिकॉर्ड करवाना चाहती है. इसके लिए कांग्रेस ने बकायदा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को पत्र लिखकर भी भेजा है.
पणजी: वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज है. लेकिन कांग्रेस पार्टी उनके नाम पर एक और रिकॉर्ड करवाना चाहती है. इसके लिए कांग्रेस ने बकायदा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को पत्र लिखकर भी भेजा है. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी अपनी विदेश यात्राओं की वजह से विपक्षी पार्टीयों के निशाने पर आए हो.
प्रधानमंत्री मोदी का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता संकल्प अमोनकर ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के ब्रिटेन स्थित अधिकारियों को रजिस्टर पत्र भेजा है. अमोनकर ने पार्टी मुख्यालय में बुधवार को पत्रकारों से कहा, 'हम मोदी के कार्यकाल की विसंगतियों को दिखाना चाहते हैं, जहां प्रधानमंत्री ने देश से ज्यादा विदेशों में समय बिताया है.'
पत्र में उन्होंने लिखा, ''हम भारत के पीएम नरेंद्र मोदी के नाम का सुझाव देते हुए बहुत खुश हैं. उन्होंने चार वर्षो में 52 देशों की 41 यात्राएं कर रिकॉर्ड स्थापित किया है. वह इसके लिए 355 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं.''
अमोनकर ने कहा है, 'वह भारत की भावी पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बन गए हैं, क्योंकि किसी भी प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान विदेशों की इतनी यात्राएं नहीं की हैं.' इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी के कार्यकाल में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 69.03 रुपये के स्तर तक पहुंच गया है.
ज्ञात हो कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खिल्ली उड़ाते हुए एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री जब भी विदेश दौरे पर जाएं, जैसा कि वह अक्सर जाते रहते हैं, स्वदेश लौटते समय भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को भी साथ लेते आएं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2018 12:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

