देश

सुब्रमण्यम स्वामी ने इमरान खान को बताया मोहम्मद गोरी, कहा- ताजपोशी में जाने वाले गद्दार

एक तरफ सिद्धू ने खुले तौर पर पाकिस्तान जाने की बात स्वीकार भी की है. वहीं दूसरी तरफ साल 1983 में भारत को विश्वकप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव ने इस पर बोला है कि उन्हें अभी न्यौते की जानकारी नहीं है लेकिन जब अगर उन्हें न्यौता मिलता है तो वह जरूर पाकिस्तान जाएंगे.

सुब्रमण्यम स्वामी ने इमरान खान को बताया मोहम्मद गोरी, कहा- ताजपोशी में जाने वाले गद्दार
इमरान खान और सुब्रमण्यम स्वामी (Photo Credit-Facebook)

नई दिल्ली: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के मुखिया इमरान खान के 11 अगस्त को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, सुनील गावस्कर और नवजोत सिंह सिद्धू को निमंत्रण भेजा गया है. नवजोत सिंह सिद्धू ने इमरान की पार्टी पीटीआई का न्योता स्वीकार भी किया है. लेकिन इसी कड़ी में अब बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है कि भारत से जो भी इमरान के शपथ ग्रहण में शामिल होगा उसे गद्दार माना जाएगा.

बीजेपी सांसद स्वामी ने साफ शब्दों मे कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू सिर्फ क्रिकेटर ही नहीं हैं, वह देश के सांसद रहे हैं. यदि वे इस समारोह में जाते हैं तो उन्हें भी गद्दार माना जाएगा. स्वामी ने इमरान की तुलना मुहम्मद गोरी से करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप ने मोहम्मद गोरी को मौका दिया था. सब जानते हैं क्या हुआ.

एक तरफ सिद्धू ने खुले तौर पर पाकिस्तान जाने की बात स्वीकार भी की है. वहीं दूसरी तरफ साल 1983 में भारत को विश्वकप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव ने इस पर बोला है कि उन्हें अभी न्यौते की जानकारी नहीं है लेकिन जब अगर उन्हें न्यौता मिलता है तो वह जरूर पाकिस्तान जाएंगे. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यदि सरकार से मंजूरी मिलती है तो वह जरूर पाकिस्तान जाएंगे.

स्वामी का कहना है कि इमरान के ताजपोशी में जाने वालों के भारत लौटने पर उन्हें निगरानी के दायरे में लाकर उनपर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए.

गौरतलब है कि नवजोत सिंह ने इमरान खान का न्योता को स्वीकार कर करते हुए कहा है कि यह सम्मान की बात है. मैंने निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है. इमरान खान पर भरोसा किया जाना चाहिए. खिलाड़ी पुल बनाता है, बैरियर्स को तोड़ता है और लोगों को जोड़ता है. सिद्धू का कहना है कि उन्हें इमरान में आशा की किरण दिखती है.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा कि इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में किसी भी विदेशी नेता को नहीं बुलाया जा रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 02, 2018 04:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).