पीएम मोदी ने लांच किया 'मैं नहीं हम' पोर्टल, कहा- भारत की तकदीर तकनीक में ही बसी है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईटी प्रोफेशनल्स और युवाओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात करते हुए 'मैं नहीं हम' पोर्टल लांच किया. 'सेल्फ फॉर सोसायटी' की थीम पर काम करने वाला यह पोर्टल आईटी क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों और संगठनों को सामाजिक सरोकारों और समाज सेवा से जुड़े उनके प्रयासों को एक साथ लाने का मंच प्रदान करेगा. इस पोर्टल के माध्यम से प्रौद्योगिकी का लाभ समाज के कमजोर तबके तक पहुंचाने के लिए परस्पर सहयोग के प्रयासों में तेजी लाई जा सकेगी. पोर्टल के जरिए समाज की बेहतरी के लिए काम करने के इच्छुक लोगों की व्यापक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा सकेगा.
पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, ‘मैं सोशल मीडिया से जुड़ा हुआ इंसान हूं. इसलिए मुझे जो सूचना परोसी जाती है, मैं उसका शिकार नहीं हूं. मुझे जो सूचना चाहिए, वो मैं निकाल लेता हूं. 'मैं नहीं हम' का मतलब यह नहीं है कि 'मैं' को खत्म कर देना है, बल्कि हमें 'मैं' का विस्तार करना है.’
'मैं नहीं हम' का मतलब है मैं का विस्तार, यह आईटी से सोसायटी की यात्रा है : पीएम मोदी #Self4Society pic.twitter.com/9s7aEOdRGZ
— BJP (@BJP4India) October 24, 2018
भारत की तकदीर तकनीक में ही बसी है
पीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब वह समय आ गया है जब हमें दुनिया की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा. दुनिया अब हिन्दुस्तान को इंतजार करते हुए नहीं देखना चाहती बल्कि अपेक्षा करती है कि वह दुनिया का नेतृत्व करे और देश को दुनिया की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा. पीएम ने बताया कि अब सोशल स्टार्टअप का दौर शुरू हुआ है, भारत की तकदीर तकनीक में ही बसी है.
भारत बड़ी ताकत बन सकता है
मोदी ने कहा कि वह देखते हैं कि भारत युवा प्रौद्योगिकी का शानदार ढंग से उपयोग कर रहा है और वह इसका न केवल अपने लिए कर रहे हैं बल्कि दूसरों के लिए भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे शानदार संकेत के रूप में देखता हूं.’’
पीएम मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया इस बात को मानती है कि भारत बड़ी ताकत बन सकता है, और दुनिया चाहती है कि अब भारत उसका नेतृत्व करे.
प्रयासों को महत्त्व दिया जाना चाहिए
पीएम मोदी ने कहा कि इस दिशा में प्रयास छोटा हो या बड़ा हो, उसे महत्व दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी प्रयासों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में बहुत कुछ किया जा सकता है, युवाओं को हमारे उद्यम और किसानों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2018 07:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

