Mumbai Shocker: कूपर अस्पताल के टॉयलेट ड्रेन में मिला नवजात का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि बच्चे की मौत कब और कैसे हुई तथा जन्म के समय वह जीवित था या नहीं. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
Mumbai Shocker: मुंबई के विले पार्ले स्थित बीएमसी संचालित कूपर अस्पताल में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. अस्पताल के आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (OPD) के पास स्थित टॉयलेट के ड्रेन से एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ. घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
टॉयलेट के कमोड में मिला नवजात का शव
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में आए एक व्यक्ति ने ग्राउंड फ्लोर स्थित OPD के पास बने शौचालय का इस्तेमाल करने के दौरान कमोड में नवजात का शव देखा. इसके बाद उसने तुरंत अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों और मेडिकल स्टाफ को सूचना दी. अस्पताल प्रशासन ने तत्काल जुहू पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को अस्पताल के टॉयलेट तक कौन लेकर आया. इसके लिए अस्पताल के OPD और आसपास के सभी प्रवेश द्वारों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके अलावा पुलिस कूपर अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड के रिकॉर्ड के साथ-साथ आसपास के अस्पतालों, क्लीनिकों और डिलीवरी सेंटरों के हालिया रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चे का जन्म कहां हुआ था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि बच्चे की मौत कब और कैसे हुई तथा जन्म के समय वह जीवित था या नहीं. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. साथ ही नवजात के माता-पिता की पहचान करने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2026 06:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

