Monalisa Marriage Controversy: महाकुंभ की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा निकली नाबालिग, जांच में उम्र 16 साल, पति फरमान खान पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
महाकुंभ 2025 की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा और उनके पति फरमान खान की शादी अब कानूनी पचड़े में फंस गई है. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद फरमान खान पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है.
Monalisa Marriage Controversy: महाकुंभ 2025 के दौरान अपनी तस्वीरों से इंटरनेट सनसनी बनीं 'वायरल गर्ल' मोनालिसा भोंसले की शादी अब बड़े विवादों में घिर गई है. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की ताजा जांच रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शादी के वक्त मोनालिसा बालिग नहीं थीं. रिपोर्ट के अनुसार, मोनालिसा की असली उम्र मात्र 16 साल है. इस खुलासे के बाद उनके पति फरमान खान के खिलाफ बाल विवाह और कानूनी नियमों के उल्लंघन के तहत शिकंजा कसना तय माना जा रहा है.
सरकारी दस्तावेजों से सामने आई उम्र की सच्चाई
मोनालिसा और फरमान खान ने 11 मार्च 2026 को केरल के एक मंदिर में शादी की थी. उस दौरान दावा किया गया था कि मोनालिसा बालिग हैं. हालांकि, जब उनके पैतृक स्थान मध्यप्रदेश के खरगोन और वहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो सच कुछ और ही निकला. सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक, मोनालिसा की जन्म तिथि 30 दिसंबर 2009 है. इस हिसाब से शादी के समय उनकी उम्र केवल 16 साल और कुछ महीने थी. यह भी पढ़े: Monalisa Pics: भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा अपने पति विक्रांत सिंह के साथ मना रही हैं इस बात का जश्न, देखें रोमांटिक फोटोज
फरमान खान पर कानूनी शिकंजा
कानूनन 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की से शादी करना 'बाल विवाह' की श्रेणी में आता है. उम्र की पुष्टि होने के बाद अब फरमान खान के खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. कानूनी जानकारों का कहना है कि लड़की के नाबालिग होने की स्थिति में उसकी 'सहमति' का कोई कानूनी महत्व नहीं रह जाता, जिसके चलते फरमान खान को जेल जाना पड़ सकता है.
केरल पुलिस और दस्तावेजों पर उठे सवाल
आयोग की जांच में यह भी पाया गया कि शादी के समय केरल में जो दस्तावेज दिखाए गए थे, उनमें जन्म तिथि गलत तरीके से 1 जनवरी 2008 दर्ज थी. इन संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर ही शादी का सर्टिफिकेट बनवाया गया था. आयोग अब उन लोगों की भी जांच कर रहा है जिन्होंने इन गलत दस्तावेजों को बनवाने या शादी को अंजाम देने में मदद की थी.
धर्म और विरोध का मामला
शादी के बाद से ही मोनालिसा के पिता और उनके समाज के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे. मोनालिसा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया था कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और वे खुश हैं. उन्होंने अपने पिता पर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे. लेकिन अब नाबालिग साबित होने के बाद मामला पूरी तरह पलट गया है और फरमान खान की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.