देश

Madhya Pradesh Rains: छिंदवाड़ा के माचागोरा डैम के पास टापू पर पानी के तेज बहाव में फंसे शख्स की बाल-बाल बची जान, NDRF की मदद से किया गया एयरलिफ्ट

मध्य प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं. छिंदवाड़ा में बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है. माचागोरा डैम से प्रभावित बेलखेड़ा गांव में लगभग 24 घंटे से तेज पानी के बहाव के कारण एक टापू के बीच फंसे शख्स को एनडीआरएफ की टीम द्वारा हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया है.

Madhya Pradesh Rains: छिंदवाड़ा के माचागोरा डैम के पास टापू पर पानी के तेज बहाव में फंसे शख्स की बाल-बाल बची जान, NDRF की मदद से किया गया एयरलिफ्ट
तेज बहाव में टापू पर फंसे शख्स को किया गया एयरलिफ्ट (Photo Credits: ANI)

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के कई इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नर्मदा (Narmada River) सहित कई नदियां उफान पर आ गई हैं. प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. छिंदवाड़ा जिले (Chhindwara District) में बारिश से लोगों का हाल बेहाल हो गया है. इस बीच जिले के चौरई तहसील में माचागोरा डैम (Machagora Dam) से प्रभावित बेलखेड़ा गांव में टापू पर फंसे एक शख्स को एनडीआरएफ की टीम द्वारा एयरलिफ्ट किए जाने की खबर सामने आ रही है. जानकारी के मुताबिक लगातार बारिश और पानी के बढ़ते स्तर के बीच टापू पर फंसा शख्स अपनी जान बचाने के लिए एक पेड़ पर चढ़ गया. ग्रामीणों द्वारा सूचित किए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम शुक्रवार शाम से ही उसे बचाने की कोशिश में लगी रही, लेकिन करीब 24 घंटे की बाद शख्स को एनडीआरएफ की टीम द्वारा एयरलिफ्ट कर बचा लिया गया है.

बता दें कि टापू पर फंसे युवक को बचाने के लिए भोपाल से एनडीआरएफ की टीम के साथ हेलीकॉप्टर को बुलाया गया, लेकिन अंधेरे के चलते टीम को बीच रास्ते से लौटना पड़ा. शनिवार सुबह युवक को बचाने के लिए फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद युवक को बचाने में कामयाबी मिली. एनडीआरएफ की मदद से शख्स को एयरलिफ्ट किए जाने का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने शेयर किया है.

देखें वीडियो-

उधर छिंडवाड़ा जिले के चांदामेटा में एक मकान की दीवार ढह जाने के कारण एक महिला सहित दो बच्चों की मौत हो गई है. घटना सुबह 6 बजे की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण घर की दीवार गिर गई और हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. यह भी पढ़ें: Red Bulletin Issued By CWC: मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मंडरा रहा है भारी बाढ़ का खतरा, केंद्रीय जल आयोग ने जारी किया रेड बुलेटिन

गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक भोपाल, ग्वालियर, होशंगाबाद, मंदसौर, नीमच, रतलाम, आगर, शाजापुर, देवास, उज्जैन, भिंड, शिवपुरी, बैतूल और श्योपुर में भारी बारिश हो सकती है. भारी बारिश का यह सिलसिला आने वाले दो-तीन दिनों तक जारी रह सकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 29, 2020 01:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).