Indian Coast Guard: नाव में खराब मौसम के कारण गोवा पोर्ट में फंसे 26 यात्रियों और चालक दल के लोगों को इंडियन कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित निकाला
भारतीय तटरक्षक बल ने खराब मौसम के कारण गोवा के मडगांव बंदरगाह के पास फंसी एक पर्यटक नाव से 24 यात्रियों और चालक दल के दो सदस्यों को सुरक्षित नौका से बाहर निकाल लिया. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.
पणजी, 20 मई भारतीय तटरक्षक बल ने खराब मौसम के कारण गोवा के मडगांव बंदरगाह के पास फंसी एक पर्यटक नाव से 24 यात्रियों और चालक दल के दो सदस्यों को सुरक्षित नौका से बाहर निकाल लिया. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.अधिकारी ने बताया कि नाव का ईंधन भी खत्म हो गया था.
तटरक्षक बल के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया, ''नेरुल पैराडाइज' नाव तीन मीटर से ज्यादा ऊंची समुद्री लहरों और ईंधन खत्म होने के कारण रविवार को गोवा तट पर फंस गई थी.''बयान के मुताबिक, ''यह नाव पर्यटकों को लेकर रविवार सुबह पणजी से रवाना हुई थी.''अधिकारी ने बताया कि गश्त से लौट रहे तटरक्षक जहाज सी-148 के कर्मियों को यात्रियों के फंसे होने के संकेत मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई की. यह भी पढ़े :भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से दैनिक जनजीवन अस्त-व्यस्त, सीवियर हीटवेव का अलर्ट, जानें IMD का अपडेट
उन्होंने बताया, ''समुद्री लहरों का सामना करते हुए आईसीजी जहाज संकटग्रस्त नाव तक पहुंचा और तटरक्षकों की एक टीम भेजकर नाव पर सवार यात्रियों को शांत कराया.''अधिकारी ने बताया कि तटरक्षक दल ने हालात पर काबू पाया और संभावित खतरे को टालते हुए नाव को सुरक्षित बंदरगाह पर लाया गया.उन्होंने बताया कि सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गयी.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)