महाराष्ट्र: अस्पताल के पास से बैग में नवजात का शव बरामद, पुलिस मामले की जांच में जुटी
महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक गरीब परिवार ने दो दिन के नवजात का अंतिम संस्कार करने के बजाए उसके शव को कथित तौर पर प्लास्टिक के थैले में डालकर फेंक दिया
मुंबई: महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक गरीब परिवार ने दो दिन के नवजात का अंतिम संस्कार करने के बजाए उसके शव को कथित तौर पर प्लास्टिक के थैले में डालकर फेंक दिया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि इस घटना का खुलासा तब हुआ जब नासिक सिविल अस्पताल की कैंटीन के पास स्थित कूड़े के ढेर से कुत्ते एक प्लास्टिक का थैला निकाल लाए और उसे काटने लगे.
उन्होंने कहा कि जब वहां मौजूद लोगों ने इस पर ध्यान दिया तो अस्पताल के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी गई. कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नवजात के शव को कब्जे में लिया. नासिक सिविल अस्पताल के सर्जन डॉ. सुरेश जगदाले ने रविवार को कहा कि नासिक के इगतपुरी तालुका के धामनगांव की एक आदिवासी महिला ने 24 सितंबर को एक बेहद कमजोर बच्चे को जन्म दिया था. यह भी पढ़े: इंडोनेशिया: भूकंप और सुनामी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 420
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की वजह से 25 सितंबर को बच्चे की मौत हो गई थी और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया था. जगदाले ने बताया कि नवजात की मां की हालत अब भी गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है. सरकारवाड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि घटना का पंचनामा किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 30, 2018 04:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

