Chitrakoot Gang-Rape Case: चित्रकूट में NEET छात्रा की मिन्नतों के बावजूद गैंगरेप, पुलिस एनकाउंटर में पकड़ा गया मुख्य आरोपी; VIDEO
चित्रकूट जिले की बहिलपुरवा थाना सीमा में स्थित देवांगना घाटी में नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इस सनसनीखेज मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
Chitrakoot NEET Student Gang-Rape: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले की बहिलपुरवा थाना सीमा में स्थित देवांगना घाटी में नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. इस सनसनीखेज मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनमें से 50 हजार रुपये का इनामी मुख्य आरोपी शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को रविवार देर रात दबोच लिया गया.
फर्जी वनकर्मी बनकर की थी बदसलूकी और दरिंदगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 22 जुलाई को घटी थी. मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ देवांगना घाटी क्षेत्र में घूमने गई थी. उसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन्होंने खुद को वन विभाग का अधिकारी बताते हुए दोनों से पूछताछ शुरू कर दी और ब्लैकमेल करने लगे. यह भी पढ़े: वाराणसी गैंगरेप केस में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश! मास्टरमाइंड Anmol Gupta के फोन से मिले 546 लड़कियों के न्यूड वीडियो
पुलिस एनकाउंटर में पकड़ा गया मुख्य आरोपी
जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद वे युवती को पास की झाड़ियों में घसीट कर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी घटना के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए.
डायल-112 पर सूचना और त्वरित पुलिस कार्रवाई
वारदात के बाद पीड़ित किसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंचे और आपातकालीन सेवा डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान की और पीड़िता की शिकायत के आधार पर बहिलपुरवा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए चित्रकूट धाम रेंज के डीआईजी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में एसओजी (SOG) और स्थानीय पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली.
पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी घायल, अन्य साथी भी गिरफ्तार
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल के पास मौजूद है. पुलिस टीम ने जब इलाके की घेराबंदी की, तो मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र के पैर में गोली लगी और उसे हिरासत में ले लिया गया. मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस सिपाही भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया.
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो अन्य आरोपियों—प्रवीण और विवेक को रविवार देर रात शिवरामपुर मछरिया चौराहे के पास से मुखबिर की सटीक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया.
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि यह पूरी तरह से एक 'ब्लाइंड केस' था, लेकिन पुलिस टीमों ने 48 घंटे के भीतर सभी तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून की हिरासत में ले लिया है. फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.