5 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.अब 22 विधानसभाओं में एनडीए गठबंधन की सरकार
चीन की पटाखा फैक्ट्री में धमाके, अब तक 26 लोगों की मौत
यूएई के तेल संयंत्र पर हुए हमले में तीन भारतीय घायल, पीएम मोदी ने निंदा की
डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी स्टोरी के लिए दो भारतीयों को मिला पुलित्जर पुरस्कार
रूस ने मॉस्को में सख्ती बढ़ाई, कई ग्राहकों के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद
भारतीय पायलटों के संगठन की मांग, अहमदाबाद विमान हादसे की आगे और जांच हो
भारतीय पायलटों के एक संगठन ने देश के उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा है कि पिछले साल हुए अहमदाबाद विमान हादसे का कारण पायलट के एक्शन की बजाय इलेक्ट्रिक फेलियर भी हो सकता है. 5,000 से ज्यादा सदस्यों वाली फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने यह पत्र लिखा है. इसमें हादसे की आगे और जांच करने का सुझाव दिया गया है.
न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, इस पत्र में एक “तकनीकी टिप्पणी” दी गई है, जो एक “विश्वसनीय कारण का संकेत” देती है, जिसके लिए आगे और जांच करने की जरूरत है. पत्र में लिखा है, "उड़ान भरने से पहले हुई इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी के चलते, पायलट के किसी एक्शन के बिना ही अनजाने में रिले ऑपरेशन चालू हो सकता था और दोनों इंजनों तक ईंधन की आपूर्ति रुक सकती थी."
अहमदाबाद में 12 जून, 2025 को एयर इंडिया का एक विमान उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही क्रैश हो गया था. इस हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी. 12 जुलाई को इसकी शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि हादसे से कुछ समय पहले विमान के इंजनों तक ईंधन की आपूर्ति रोक दी गई थी. इस रिपोर्ट के बाद हादसे में पायलट की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे.
विमान के पायलट सुमित सभरवाल के पिता ने इन आरोपों की आलोचना करते हुए उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा था और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की थी. उन्होंने पत्र में लिखा था कि शुरुआती जांच से जुड़ी चुनिंदा जानकारियां सार्वजनिक की गईं. उन्होंने इसे बेहद परेशान करने वाला बताया था.
रूस ने मॉस्को में सख्ती बढ़ाई, कई ग्राहकों के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद
रूस ने मंगलवार (5 मई) को मॉस्को में कई ग्राहकों की मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं. यह कदम 9 मई की विक्ट्री डे परेड से पहले उठाया गया है, जिसमें नाजी जर्मनी पर जीत का जश्न मनाया जाता है. रॉयटर्स के पत्रकारों के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से ड्रोन हमलों के खतरे को देखते हुए इस परेड के दायरे को कम कर दिया गया है. रूस ने इस साल इंटरनेट पर सख्ती बढ़ाई है. मोबाइल सेवाओं को ब्लॉक किया गया है. ऐसे में लाखों लोगों को वीपीएन का सहारा लेना पड़ा है.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विरोधियों का कहना है कि यह चार साल की जंग के बाद घरेलू मोर्चे पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने की एक कोशिश है. वहीं रूसी राष्ट्रपति के दफ्तर क्रेमलिन ने कहा कि ये पाबंदियां यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बढ़ते खतरे के बीच सुरक्षा पुख्ता करने के लिए लागू की गई हैं. मॉस्को में मौजूद रॉयटर्स के छह पत्रकारों ने बताया कि राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार को उनके फोन पर मोबाइल इंटरनेट काम नहीं कर रहा था. उन्होंने बताया कि मॉस्को के कई इलाकों से अब भी टेलीफोन कॉल की जा सकती हैं.
रूस के सबसे बड़े बैंक, ज्बेरबैंक ने भी कहा है कि मोबाइल इंटरनेट और मैसेजिंग में दिक्कतें आ सकती हैं. रूस की सबसे बड़ी इंटरनेट कंपनी, यांडेक्स की टैक्सी यूनिट ने कहा कि इंटरनेट पर पाबंदियों की वजह से ऑनलाइन टैक्सी बुक करने में परेशानी हो सकती है. 2022 में रूस के यूक्रेन पर हमले के चार साल बाद, दोनों पक्ष अब तक की सबसे बड़ी ड्रोन जंग में उलझे हुए हैं.
चीन की पटाखा फैक्ट्री में धमाके, अब तक 26 लोगों की मौत
चीन के हुनान प्रांत में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है और 61 अन्य घायल हुए हैं. चीन के सरकारी मीडिया ने मंगलवार, 5 मई को यह जानकारी दी. सरकारी मीडिया चाइना डेली ने बताया कि काउंटी-स्तर के शहर लियूयांग में इस फैक्ट्री को हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी चला रही थी, जो देश में पटाखों की एक बड़ी उत्पादक है. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को हुए धमाके के बाद लियूयांग में सभी पटाखा और आतिशबाजी निर्माताओं को उत्पादन रोकने का आदेश दिया गया है.
लियूयांग, चांग्शा प्रशासन के तहत आता है. वहां के इमरजेंसी मैनेजमेंट ब्यूरो के पार्टी सचिव डिंग वेइमिंग ने बताया कि हादसे की जगह पर बड़ी मात्रा में तैयार या आधा बना माल मौजूद था, इसलिए वहां रुक-रुक कर लगातार धमाके होते रहे.
लियूयांग में पटाखे बनाने का एक लंबा इतिहास रहा है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, इतिहास में सटीक रूप से दर्ज पहले पटाखे का श्रेय ली तियान को दिया जाता है. तियान एक साधु थे जो चीन के तांग राजवंश के समय (करीब 618 से 907 ईस्वी) लियूयांग के पास रहते थे.
डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी स्टोरी के लिए दो भारतीयों को मिला पुलित्जर पुरस्कार
डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी एक स्टोरी के लिए भारतीय पत्रकार सुपर्णा शर्मा और भारतीय ग्राफिक आर्टिस्ट आनंद आरके को पुलित्जर पुरस्कार मिला है. ब्लूमबर्ग के लिए की गई एक ग्राफिक स्टोरी के लिए उन्हें यह पुरस्कार मिला है. वे अपना यह पुरस्कार ब्लूमबर्ग की पत्रकार नैटली ओबिको पियर्सन के साथ साझा करेंगे. पियर्सन सात साल तक भारत में रही हैं और उन्होंने इस स्टोरी में भी योगदान दिया है.
इस ग्राफिक स्टोरी में चित्रों के जरिए लखनऊ की एक न्यूरोलॉजिस्ट की कहानी बताई गई है, जिन्हें फोन के जरिए डिजिटल अरेस्ट किया गया और डरा-धमकाकर करीब 2.5 करोड़ रुपये ठगी करने वालों के खातों में ट्रांसफर करवाए गए. इस स्टोरी के जरिए भारत में डिजिटल अरेस्ट और साइबर क्राइम के बढ़ते संकट को रेखांकित किया गया है.
इस स्टोरी के लिए पुरस्कार जीतने वालीं सुपर्णा शर्मा एक फ्रीलांस पत्रकार हैं. वे एक खोजी पत्रकार हैं और उन्हें अपराधों और अदालतों की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. आनंद आरके एक कलाकार हैं जिन्होंने कई ग्राफिक नोवल बनाए हैं. उन्होंने डीसी कॉमिक्स के लिए भी आर्टवर्क किया है. वहीं, नैटली ओबिको पियर्सन ब्लूमबर्ग के लिए काम करने वालीं खोजी पत्रकार हैं.
राष्ट्रपति मुर्मु से मिले पंजाब सीएम भगवंत मान, ‘आप’ सांसदों के बीजेपी में जाने का मुद्दा उठाया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार, 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की. मान ने प्रेस को बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मु से कहा है कि पंजाब में लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है क्योंकि राज्य में बीजेपी के विधायक सिर्फ दो हैं, जबकि राज्यसभा के सांसद छह हो गए हैं.
भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों की सदस्यता रद्द किए जाने की मांग भी की. उन्होंने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों की आलोचना करते हुए कहा, “इनको अगर आम आदमी पार्टी इतनी ही बुरी लगती थी तो इस्तीफा दे देते. इस्तीफा देने के बाद बीजेपी की तरफ से कहीं से भी चुनकर आ जाते.”
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ‘आप’ छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा भी राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाकात कर सकते हैं. वे ‘आप’ छोड़ने वाले सांसदों को कथित तौर पर पंजाब सरकार द्वारा निशाना बनाए जाने का मुद्दा उठाएंगे. उनका आरोप है कि पंजाब सरकार संदीप पाठक और अशोक मित्तल को निशाना बना रही है.
‘आप’ के राज्यसभा में 10 सांसद हुआ करते थे. राघव चड्ढा के नेतृत्व में इनमें से सात सांसद पार्टी से अलग हो गए और अपना विलय बीजेपी में कर लिया. इस विलय को राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने मंजूरी दे दी. 'आप' छोड़कर भाजपा में गए सांसदों में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल जैसे नाम शामिल हैं.
यूएई के तेल संयंत्र पर हुए हमले में तीन भारतीय घायल, पीएम मोदी ने निंदा की
भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में एक तेल केंद्र पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की है. इस हमले में तीन भारतीय घायल हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए लिखा कि "नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है." मोदी ने यूएई के प्रति भारत का समर्थन भी जताया.
यूएई ने फुजैराह तेल केंद्र पर हुए ड्रोन हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है. ईरान के सरकारी टीवी ने कहा कि इस्लामिक गणराज्य का यूएई में तेल केंद्रों पर हमला करने का कोई "पहले से तय कार्यक्रम" नहीं था.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "हम इन संघर्षों को तुरंत रोकने और बुनियादी ढांचे और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बंद करने की अपील करते हैं."
पढ़ें: ओमान में ड्रोन हमला, दो भारतीयों की मौत
दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा पेट्रोलियम खरीदार भारत, आमतौर पर अपनी जरूरत का आधा कच्चा तेल होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ही हासिल करता है. जायसवाल ने आगे कहा कि "हम अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए मुक्त और बिना रोक-टोक आवाजाही और व्यापार की भी अपील करते हैं."
पढ़ें: ईरान और इस्राएल-अमेरिका युद्ध पर कहां खड़े हैं ब्रिक्स देश
भारत के पास चीन जैसे अन्य बड़े उपभोक्ताओं के मुकाबले अपने तेल भंडार सीमित हैं. इसलिए विश्लेषकों का मानना है कि तेल की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों में भारत भी एक होगा. शिप ट्रैकिंग और आयात के आंकड़े बताते हैं कि भारत ने पुराने सहयोगियों की ओर रुख करके और पुराने निर्यातकों से सक्रिय खरीदारी करके इस कमी को आंशिक रूप से पूरा किया है. इसमें सबसे बड़ा सहारा रूसी कच्चा तेल रहा है. 2025 में अमेरिकी टैरिफ के दबाव में भारत ने लगातार रूसी तेल से दूर रहने की कोशिश की थी.
यूएई पर ईरानी हमलों की जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन ने की निंदा
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कुल 12 बैलिस्टिक मिसाइलों, तीन क्रूज मिसाइलों और चार ड्रोनों को मार गिराया. लगभग चार हफ्ते पहले शुरू हुए युद्धविराम के बाद से खाड़ी देश पर हुए ये पहले ईरानी हमले थे.
जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने हमलों की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "तेहरान को बातचीत की मेज पर वापस आना चाहिए और पूरे क्षेत्र और दुनिया को बंधक बनाना बंद करना चाहिए- हॉर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी खत्म होनी चाहिए."
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने भी हमलों के बाद मध्य-पूर्व में तनाव कम करने की अपील की है. स्टार्मर ने कहा, "तनाव खत्म होना चाहिए. यह सुनिश्चित करने के लिए कि मध्य पूर्व में युद्धविराम बना रहे और एक लंबे समय का कूटनीतिक समाधान निकले, ईरान को बातचीत में सार्थक रूप से शामिल होने की जरूरत है."
फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों ने कहा है कि यूएई में बुनियादी नागरिक ढांचे के खिलाफ ईरानी हमले "अनुचित और अस्वीकार्य" हैं.
पाकिस्तान की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत का अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है. ताजा हमलों के बाद 8 अप्रैल को तय हुआ युद्धविराम और भी नाजुक नजर आ रहा है.
ईरान के ताजा हमलों से खाड़ी देशों की बढ़ी चिंताएं
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ईरान के ताजा हमलों ने खाड़ी देशों में चिंताएं फिर बढ़ा दी हैं. यूएई के पूर्वी अमीरात फुजैराह ने बताया कि सोमवार (4 मई) को एक ईरानी ड्रोन ने एक तेल केंद्र में आग लगा दी. ईरान युद्ध के दौरान यूएई ने होर्मुज जलडमरूमध्य के बजाए अपना कुछ तेल भेजने के लिए एक पाइपलाइन का इस्तेमाल किया था और फुजैराह में ही उस पाइपलाइन का आखिरी छोर है.
अप्रैल की शुरुआत में हुए युद्धविराम के बाद से पहली बार यूएई ने तीन मिसाइल अलर्ट जारी किए और ईरान पर एक तेल टैंकर को निशाना बनाने का आरोप लगाया. इस बीच दक्षिण कोरियाई सरकार ने कहा है कि होर्मुज में खड़े एक दक्षिण कोरियाई जहाज पर धमाका हुआ और आग लग गई, हालांकि इसका कारण पता नहीं चला है.
पढ़ें: होर्मुज से गुजरने के लिए ईरान को कतई पैसा ना दें: अमेरिका
अमेरिकी सेना ने सोमवार को कहा कि यातायात बहाल करने की एक नई पहल के तहत अमेरिकी झंडे वाले दो व्यापारिक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से कामयाबी के साथ निकल गए. जब से अमेरिका और इस्राएल ने फरवरी के अंत में युद्ध शुरू किया है, ईरान ने इस बेहद जरूरी जलमार्ग पर अपना नियंत्रण जमाया हुआ है. बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नौसेना के एक जहाज पर हमला करने का दावा किया. हालांकि, अमेरिका ने इस दावे को खारिज कर दिया.
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत से कैसे बदला देश का सियासी नक्शा
पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत हासिल करने के बाद अब देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एनडीए गठबंधन की सरकार हो जाएगी. इनमें 20 राज्य और दो केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली और पुडुचेरी शामिल हैं. इनके अलावा, आठ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विपक्षी दलों की सरकार होगी.
साल 2025 के अंत तक एनडीए गठबंधन 21 विधानसभाओं में बहुमत में था. 4 मई को घोषित हुए नतीजों के मुताबिक, एनडीए ने असम और पुडुचेरी में अपनी सरकार बचा ली है और पश्चिम बंगाल में टीएमसी को सत्ता से बेदखल कर दिया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, बीजेपी अब 17 राज्यों में अकेले अपने दम पर सत्ता में है. वहीं, पांच में वह अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन के तहत सत्ता में है.
कांग्रेस अब चार राज्यों में सीधे तौर पर सत्ता में है. ये राज्य कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश हैं. इनके अलावा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन के साथ सत्ता में है. इसके अलावा, पंजाब में आम आदमी पार्टी और मिजोरम में जोरम पीपल्स मूवमेंट की सरकार है. वहीं, तमिलनाडु में अभिनेता विजय की टीवीके सरकार बनाने की राह पर है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2026 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

