21 मई की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.भीषण लू के चलते खाली हुईं उत्तर भारत की सड़कें और बाजार
यूक्रेन को ईयू का 'सहयोगी सदस्य' बनाया जाए: जर्मन चांसलर
भारत ने इबोला के प्रकोप के चलते अफ्रीका समिट स्थगित की
पांच देशों की यात्रा के बाद भारत लौटे पीएम नरेंद्र मोदी
एक दिन में 274 पर्वतारोहियों ने पूरी की माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई
भारत ने इबोला के प्रकोप के चलते अफ्रीका समिट स्थगित की
भारत सरकार और अफ्रीकन यूनियन ने अगले हफ्ते नई दिल्ली में होनी वाली इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट को स्थगित कर दिया है. अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो में इबोला संक्रमण फैलने के चलते यह फैसला लिया गया है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि महाद्वीप पर सार्वजनिक स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि समिट को बाद में आयोजित करना सही रहेगा.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को कहा कि मध्य अफ्रीका में इबोला के जानलेवा प्रकोप का जोखिम अधिक है लेकिन वैश्विक स्तर पर यह खतरा कम है. डब्ल्यूएचओ ने यह भी कहा कि यह वायरस संभवतः महीनों से फैल रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने रविवार, 18 मई को इबोला संक्रमण के ताजा मामलों को अंतरराष्ट्रीय चिंता के स्तर की पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था.
दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने गुरुवार को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो के साथ-साथ पड़ोसी युगांडा और दक्षिण सूडान से भारत आने वाले यात्रियों के लिए एक स्वास्थ्य सलाह जारी की है. इबोला के चलते पिछले 50 सालों में अफ्रीका में 15,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में इबोला से निपट रहा डब्ल्यूएचओ
एक दिन में 274 पर्वतारोहियों ने पूरी की माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई
बुधवार, 20 मई को रिकॉर्ड 274 पर्वतारोहियों ने माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी की. माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई दो रास्तों से की जा सकती है. दक्षिणी छोर पर नेपाल से और उत्तरी छोर पर चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत क्षेत्र से. इस साल एवरेस्ट की चढ़ाई सिर्फ नेपाल की तरफ से हो रही है. बुधवार को 274 पर्वतारोहियों ने एवरेस्ट फतह किया, जो नेपाल की ओर से एक दिन में चढ़ाई करने वालों की एक रिकॉर्ड संख्या है.
न्यूज एजेंपी एपी के मुताबिक, इससे पहले 22 मई, 2019 को नेपाल की ओर से 223 पर्वतारोहियों ने एवरेस्ट की चढ़ाई की थी. वहीं, चीन की ओर से 113 पर्वतारोहियों ने उस दिन एवरेस्ट फतह किया था. माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई करीब 8,850 मीटर है और यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है.
नेपाल ने इस साल एवरेस्ट की चढ़ाई के लिए 494 परमिट जारी किए हैं, जिसमें हर एक परमिट की कीमत करीब 15 हजार डॉलर है. इन पर्वतारोहियों के साथ इतने ही संख्या में शेरपा भी इस महीने के अंत तक एवरेस्ट पर चढ़ाई करेंगे. हाल ही में प्रसिद्ध पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने 32वीं बार एवरेस्ट पर चढ़ाई की और नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. ल्हाक्पा शेरपा ने महिलाओं का रिकॉर्ड तोड़ा. उन्होंने माउंट एवरेस्ट पर अपनी 11वीं सफल चढ़ाई पूरी की.
रुपये की गिरावट रोकने के लिए कई कदमों पर किया जा रहा विचार: पीयूष गोयल
भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई तेज गिरावट से निपटने के लिए सरकार के सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं. गोयल ने बताया कि मुद्रा को स्थिर करने के लिए कई उपायों पर विचार किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक रूप से स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण है और सरकार इस पर नजर बनाए हुए है.
फरवरी के अंत में शुरू हुए अमेरिका-इस्राएल और ईरान के युद्ध के बाद से भारतीय रुपये में करीब छह फीसदी की गिरावट दर्ज की जा चुकी है. एक डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत 96 के पार जा चुकी है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने तीन बैंकरों के हवाले से बताया है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया भी रुपये की गिरावट को रोकने के लिए कदम उठा रही है.
पीयूष गोयल ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि फिलहाल सरकार की गैर-जरूरी आयात पर रोक लगाने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा, “हमने भारत के सभी लोगों से अपील की है कि वे आयात पर निर्भर उत्पादों पर खर्च करने के मामले में अधिक सजग हों.” पीएम मोदी भी लोगों से कम ईंधन खर्च करने, गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने और सोना न खरीदने की अपील कर चुके हैं.
यूक्रेन को ईयू का 'सहयोगी सदस्य' बनाया जाए: जर्मन चांसलर
जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने सुझाव दिया है कि यूक्रेन के पूर्ण सदस्यता के योग्य होने की प्रक्रिया पूरी होने से पहले उसे यूरोपीय संघ का "सहयोगी सदस्य" बनाया जाए. गुरुवार, 21 मई को समाचार एजेंसियों के देखे गए एक पत्र में चांसलर मैर्त्स ने यूरोपीय संघ के प्रमुखों उर्सुला फॉन डेय लाएन और अंतोनियो कोस्टा को लिखा है कि यूक्रेनी अधिकारियों को बिना वोटिंग अधिकार के, यूरोपीय संघ के शिखर सम्मेलनों और मंत्री स्तर की बैठकों में हिस्सा लेने की इजाजत दी जाए.
रूसी सेनाओं से लड़ रहा यूक्रेन, अपनी सुरक्षा और समृद्धि को मजबूत करने के इरादे से ईयू में शामिल होने का बेहद इच्छुक है. खासकर इसलिए भी क्योंकि अमेरिका ने अब तक उसे नाटो का सदस्य बनाने के विचार को खारिज किया है. मैर्त्स के इस प्रस्ताव के तहत, यूक्रेन ईयू के आपसी सहायता प्रावधान के दायरे में आ जाएग, और वह यूरोपीय संघ के बजट के कुछ हिस्सों से आर्थिक मदद पाने का भी हकदार होगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे अभी भी चाहते हैं कि यूक्रेन आखिरकार एक "पूर्ण सदस्य" बने और उन्होंने इसके लिए सभी जरूरी बातचीत शुरू करने की अपील की.
अगले कुछ वर्षों में यूक्रेन का पूर्ण सदस्य बनना मुश्किल है क्योंकि यूरोपीय संघ में शामिल होने की प्रक्रियाएं आमतौर पर काफी लंबी होती हैं और इनमें भारी नौकरशाही का सामना करना पड़ता है. साथ ही उम्मीदवार देशों को कई लोकतांत्रिक और आर्थिक मानकों को पूरा करना होता है. इस गुट के सभी 27 सदस्य देशों को किसी भी नए देश के शामिल होने को अपनी मंजूरी देनी होती है और उसकी पुष्टि करनी होती है. ऐसे में संभावित बाधाएं और ज्यादा बढ़ा देती हैं.
59 साल बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस को मिली हिस्सेदारी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने गुरुवार, 21 मई को अपनी कैबिनेट का विस्तार किया. कांग्रेस विधायक राजेश कुमार और पी विश्वनाथन ने लोकभवन में अपने पद की शपथ ली. इसके साथ ही 59 साल बाद राज्य की कैबिनेट में कांग्रेस की वापसी हुई. कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, “यह कांग्रेस के लिए बेहद अहम दिन है और हम सभी यह महसूस करते हैं कि 59 साल एक लंबा वक्त है.”
न्यूज वेबसाइट एनडीटीवी के मुताबिक, तमिलनाडु में 1967 में आखिरी बार कांग्रेस पार्टी को कैबिनेट में जगह मिली थी. इसके बाद राज्य की राजनीति में डीएमके और एआईएडीएमके का दबदबा हो गया और कांग्रेस मंत्रिपद से दूर हो गई. 2026 में हुए विधानसभा चुनावों में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने राज्य की दोनों प्रमुख पार्टियों का दबदबा खत्म कर दिया और इससे कांग्रेस को एक मौका मिल गया.
विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीती थीं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 118 था. ऐसे में विजय ने कांग्रेस से समर्थन देने की अपील की. इसके बाद कांग्रेस ने डीएमके से अपना सालों पुराना गठबंधन तोड़ते हुए टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया. कांग्रेस और अन्य पार्टियों के सहयोग से टीवीके ने सरकार बनाई और अब कांग्रेस के दो विधायकों को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया.
भीषण लू के चलते खाली हुईं उत्तर भारत की सड़कें और बाजार
उत्तर भारत के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. भीषण लू इस स्थिति को और गंभीर बना रही है. इसके चलते दोपहर में शहरों की सड़कें और बाजार खाली दिखाई दे रहे हैं. वहीं, कई इलाकों में किसान गर्मी से बचने के लिए रात में खेती का काम निपटा रहे हैं. राजधानी नई दिल्ली में लोगों को राहत देने के लिए कई जगहों पर अस्थायी कूलिंग जोन बनाए गए हैं.
भारत में पड़ रही भयंकर गर्मी से कैसे बचा जा सकता है
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में उत्तरी क्षेत्रों के कई हिस्सों में ऐसी स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसमें तापमान मौसमी औसत से काफी ऊपर रहेगा. सरकारी विभाग लोगों से दोपहर के समय घर के अंदर या छायादार जगहों पर ही रहने की अपील कर रहे हैं. बाहर निकलने पर सर ढकने और कॉटन से बने हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह भी दी जा रही है.
झुलसती गर्मी से बचाने के लिए कदम उठाते भारतीय शहर
इस भीषण गर्मी ने स्कूलों को भी प्रभावित किया है. कई इलाकों में प्रशासन ने समय से पहले ही गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है. यूपी के बांदा जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जलवायु विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में बढ़ता तापमान, जलवायु परिवर्तन से जुड़े एक व्यापक वैश्विक पैटर्न का हिस्सा है.
पांच देशों की यात्रा के बाद भारत लौटे पीएम नरेंद्र मोदी
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा पूरी करने के बाद गुरुवार, 21 मई को भारत लौट आए हैं. पीएम मोदी ने अपनी इस यात्रा में संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा किया. यात्रा के आखिरी चरण में वह इटली में थे, जहां उन्होंने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से बातचीत की और द्विपक्षीय संबंधों को "विशेष रणनीतिक साझेदारी" के स्तर तक बढ़ाया.
इससे पहले पीएम मोदी नॉर्वे गए, जहां उन्होंने तीसरी इंडिया-नॉर्डिक समिट में हिस्सा लिया और डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेताओं से मुलाकात की. स्वीडन में उनकी मौजूदगी में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया. वहां उन्होंने यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को भी संबोधित किया. नॉर्वे और स्वीडन ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा.
इससे पहले नीदरलैंड्स यात्रा के दौरान दोनों देशों ने 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए. नीदरलैंड्स की प्रमुख तकनीकी कंपनी एएसएमएल ने टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ एक समझौता किया, जिसके तहत भारत में सेमीकंडक्टर संयंत्र के निर्माण और विस्तार में सहयोग किया जाएगा. वहीं, यूएई की यात्रा के दौरान एलपीजी की दीर्घकालिक आपूर्ति और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़े समझौते हुए.
क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर अमेरिका में मामला दर्ज
अमेरिकी न्याय विभाग ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर मुकदमा चलाने की घोषणा की है. यह आरोप क्यूबा की वायुसेना के लड़ाकू विमानों द्वारा अमेरिका के दो नागरिक विमानों को मार गिराने की घटना से जुड़ा है. इनमें मियामी स्थित कास्त्रो-विरोधी मानवीय समूह 'ब्रदर्स टू द रेस्क्यू' के चार सदस्य मारे गए थे.
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल डियाज-कानेल बरमुडेज ने इन आरोपों की निंदा की. उन्होंने इसे "बिना किसी कानूनी आधार का एक राजनीतिक पैंतरा" बताया है. क्यूबा के राष्ट्रपति ने अमेरिका पर झूठ बोलने और 1996 में विमानों को गिराए जाने की घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का भी आरोप लगाया.
पढ़ें: क्यूबा में अमेरिका की सत्ता परिवर्तन की आस के बीच मेक्सिको ने भेजी मदद
राउल कास्त्रो, लंबे समय तक क्यूबा के राष्ट्रपति रहे फिदेल कास्त्रो के भाई हैं. वह 2008 से 2018 के बीच देश के राष्ट्रपति रहे हैं. 94 साल के राउल कास्त्रो ने ही बराक ओबामा के दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान अमेरिका के साथ संबंध सुधारने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए थे.
बाद में, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान इस कदम को पलट दिया था. अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक, यह आरोप पत्र मियामी की एक संघीय अदालत में दायर किया गया है, जिसमें अमेरिकी नागरिकों को मारने की साजिश का एक आरोप, हत्या के चार आरोप और विमान तबाह करने के दो आरोप शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 21, 2026 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

