कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को ‘संकल्प पत्र परामर्श यात्रा’ की शुरुआत की. इस अभियान के तहत पार्टी राज्यभर के मतदाताओं से अपने चुनावी घोषणापत्र (मैनिफेस्टो) के लिए सुझाव जुटाएगी. बीजेपी के साल्ट लेक स्थित राज्य कार्यालय में अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि 18 फरवरी तक पूरे पश्चिम बंगाल में 1,000 स्थानों पर ड्रॉप बॉक्स लगाए जाएंगे. इन बॉक्सों के जरिए लोग लिखित रूप में अपने सुझाव दे सकेंगे, साथ ही नाम, पता और फोन नंबर भी दर्ज कर सकेंगे. West Bengal Assembly Election 2026: ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान, पश्चिम बंगाल में TMC अकेले लड़ेगी आगामी विधानसभा चुनाव
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र सर्वसमावेशी होना चाहिए, इसी सोच के साथ यह परामर्श यात्रा शुरू की गई है. उन्होंने बताया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में करीब 2.38 करोड़ लोगों ने बीजेपी को वोट दिया था और जनता बदलाव के मूड में है. जनता की राय को सीधे तौर पर शामिल करने के लिए यह पहल की गई है.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी जानकारी दी कि 17 और 18 फरवरी को कोलकाता में एक मोबाइल वैन ड्रॉप बॉक्स के साथ शहर का दौरा करेगी. इसके अलावा जनता अपनी राय देने के लिए टोल-फ्री नंबर 9727294294 पर कॉल कर सकती है. सुझाव ईमेल के जरिए sankalp.wb2026@bjpbengal.org
पर भी भेजे जा सकते हैं.
भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर है. इसके साथ ही औद्योगिक निवेश को बढ़ाने के लिए उद्योगपतियों और आम जनता से भी सुझाव मांगे जा रहे हैं, ताकि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति दी जा सके.
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को 15 साल का समय दिया, लेकिन अब बदलाव तय है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की 13 योजनाओं से बंगाल की जनता को वंचित रखा है. इन योजनाओं के लाभ समझाने और फीडबैक लेने के लिए पार्टी विभिन्न वर्गों के लोगों को 10,000 पत्र भेजेगी.
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पहले बंगाल में चुनाव से ठीक पहले कुछ नेता मिलकर घोषणापत्र तैयार कर लेते थे, लेकिन बीजेपी इस परंपरा को तोड़ते हुए जनता की भागीदारी से “लोगों की सरकार” बनाने की दिशा में काम कर रही है.













QuickLY