ईसाइयों के खिलाफ हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए भोपाल के आर्कबिशप ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
देश के विभिन्न हिस्सों में ईसाइ समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता जताते हुए भोपाल के आर्कबिशप लियो कॉर्नेलियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. उन्होंने ईसाइयों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
भोपाल, 29 अक्टूबर: देश के विभिन्न हिस्सों में ईसाइ समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता जताते हुए भोपाल के आर्कबिशप लियो कॉर्नेलियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को पत्र लिखा है. उन्होंने ईसाइयों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. यह भी पढ़े: इटली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे रोम, 16वें G-20 सम्मेलन में होंगे शामिल
आर्कबिशप द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश या उत्तर प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में ही नहीं बल्कि कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में भी ईसाइ समुदाय का उत्पीड़न हो रहा है. ईसाई सभी जगह एक जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. इस परिप्रेक्ष्य में हमें न्याय दिलाने के लिए प्रधानमंत्री हस्तक्षेप करें.
आर्कबिशप कॉर्नेलियो ने भोपाल के हुजूर क्षेत्र के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि शर्मा ने एक भाषण में हिंदुओं से अपील की थी कि 'फादर और चादर दूर रहो'. उस सभा में उन्होंने इस बात पर सीधा जोर दिया कि ईसाई और मुसलमानों से संपर्क हिंदुओं को नष्ट कर देगा.
पिछले दिनों आई रिपोर्ट का हवाला देते हुए आर्कबिशप ने कहा है कि, जनवरी से एकत्र किए गए आंकड़ों के अनुसार, भाजपा शासित उत्तर प्रदेश (66) उत्पीड़न की घटनाओं के साथ सबसे ऊपर है. इसके बाद कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ (47), आदिवासी लोगों के झारखंड मुक्ति मोर्चा शासित झारखंड (30) और भाजपा शासित मध्य प्रदेश (26) हैं. दक्षिण के एक अन्य भाजपा शासित राज्य कर्नाटक में भी 32 घटनाएं हुई है.
मध्य प्रदेश में कैथोलिक चर्च के जनसंपर्क अधिकारी फादर मारिया स्टीफन ने बताया, कि आर्कबिशप कॉर्नेलियो चाहते हैं कि प्रधान मंत्री का कार्यालय देश में ईसाइयों के खिलाफ हिंसा के ज्वलंत मुद्दे को संज्ञान में ले. अब हमारी प्रार्थना सभाओं को भी धर्म परिवर्तन समारोह कहा जाता है और खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जाते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 29, 2021 01:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

