Hathras Accident: हाथरस में बड़ा हादसा, मैक्स और बस की टक्कर से 4 बच्चे सहित 15 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक वैन को पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी जिससे इस घटना में कम से कम चार बच्चे और चार महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य घायल हो गये.
हाथरस, छह सितंबर: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक वैन को पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी जिससे इस घटना में कम से कम चार बच्चे और चार महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य घायल हो गये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है.
हाथरस के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निपुण अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम यह दुर्घटना उस समय चंदपा कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के पास हुई, जब आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरटेक करने की कोशिश में बस वैन से टकरा गई." घटनास्थल जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर है.
उन्होंने बताया कि घटना में 12 लोगों की मौत हो गयी थी जबकि 16 अन्य घायल हो गए थे, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने बताया कि बाद में गंभीर रुप से घायल चार यात्रियों में तीन अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि ये सभी लोग हाथरस से आगरा जा रहे थे.
घटना की सूचना पर इलाका पुलिस के साथ जिलाधिकारी आशीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल मौके पर पहुंच गए. एसपी ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और चालक की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. इस बीच पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर और अलीगढ़ की आयुक्त चैत्रा बी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 06, 2024 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

