देश

Chhavi Varshney Death: महाकाल दर्शन के लिए जा रहीं YouTuber छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत, सदमे में लाखों प्रशंसक

उत्तर प्रदेश के हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय लोकप्रिय यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक सड़क हादसे में मौत हो गई. यह दर्दनाक दुर्घटना उस समय हुई जब वे अपने परिवार के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं.

Chhavi Varshney Death: महाकाल दर्शन के लिए जा रहीं YouTuber छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत, सदमे में लाखों प्रशंसक

Chhavi Varshney Death: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की रहने वाली 23 वर्षीय मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका (55) की अर्टिगा कार की ट्रक से हुई भीषण टक्कर में मौत हो गई. छवि अपने परिवार के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए निकली थीं. इस दुर्घटना की खबर सामने आने के बाद छवि के प्रशंसकों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स में गहरा शोक छा गया है.

उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस जंक्शन के गांव महौखास का रहने वाला यह परिवार सोमवार देर रात कार से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए रवाना हुआ था.

मंगलवार सुबह करीब 6 बजे उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास आगे चल रहे ट्रक से उनकी अर्टिगा कार टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में छवि और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता श्यामलाल, रिश्तेदार सूरजपाल और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.

सदमे में लाखों प्रशंसक और परिजन

जैसे ही छवि वार्ष्णेय और उनकी मां के निधन की खबर हाथरस पहुंची, उनके पैतृक गांव में मातम पसर गया. सोशल मीडिया पर उनकी मौत की खबर वायरल होते ही यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर लाखों प्रशंसकों ने गहरा दुख जताया.

छवि के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार उनके प्रशंसकों के शोक संदेश आ रहे हैं. लोग उनकी अचानक हुई मौत पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं और फैंस पूरी तरह सदमे में हैं.

यूट्यूब पर बनाई थी खास पहचान

23 वर्षीय छवि वार्ष्णेय ने साल 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था. शुरुआत में वे अपनी दैनिक जीवनशैली से जुड़े व्लॉग्स और प्रेरणादायक कंटेंट बनाती थीं, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.

बाद में उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग और लाइफस्टाइल कंटेंट शेयर करना शुरू कर दिया था. यूट्यूब पर उनके 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे.

पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस और एनएचएआई की एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची. घायलों को बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2026 10:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).