कार्तिक आर्यन की फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी का बनेगा सीक्वल, मेकर्स ने शुरू कर दी है तैयारी
भूषण कुमार ने सोनू के टीटू की स्वीटी और दे दे प्यार दे के सीक्वल के लिए हरी झंडी दे दी है.
साल 2018 में रिलीज हुई कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) की फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी (Sonu Ke Titu Ki Sweety) ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के साथ धमाल मचा दिया था. छोटे सितारों से भरी ये फिल्म लोगों को काफी पसंद आई थी. इस फिल्म को कार्तिक आर्यन के करियर का टर्निंग पॉइंट भी माना जाता है. ऐसे में अब खबर है कि कार्तिक के इस फिल्म के सीक्वल को लेकर तैयारी हो चुकी है. मुंबई मिरर से ख़ास बातचीत में भूषण कुमार ने साफ़ किया कि सोनू के टीटू की स्वीटी के पार्ट 2 पर काम चल रहा है और ये जरूर आएगा. ये ऐसी फ्रेंचाइजी है जिसे आगे लेकर जाना चाहेंगे. फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ नुसरत भरूचा और सनी सिंह भी लीड रोल में थे. ये फिल्म लव रंजन के निर्देशन में बनी थी.
तो वहीं लव रंजन की फिल्म दे दे प्यार दे के सीक्वल को लेकर भी टी-सीरीज तैयारी कर रहा है. अजय देवगन, रकुल प्रीत और तब्बू की इस कॉमेडी फिल्म को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया था. रिपोर्ट के अनुसार भूषण कुमार इस फिल्म के सीक्वल की भी तैयारी कर रहें हैं.
लॉकडाउन के चलते फिल्मों की रिलीज के साथ शूटिंग ठप्प पड़ी है. ऐसे में लोग आने वाले समय को लेकर डरे हुए हैं. क्योंकि लॉकडाउन हटने के बाद भी सिनेमाघर कब तक खुलेंगे और पहले जैसा माहौल कब बन पायेगा ये कहना मुश्किल है. इस अनिश्चिता के माहौल में नई फिल्मों का ऐलान बेशक लोगों में एक नई उम्मीद जगाने के लिए काफी है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 05:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

