एजेंसी न्यूज

चूरू में अदालत ले जाते समय युवक की मौत; भालेरी के थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित

राजस्थान में चुरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में शनिवार को बस से अदालत ले जाए जा रहे एक व्यक्ति की वाहन से कूदने के कारण हुई मौत के मामले में भालेरी के थाना प्रभारी और दो कांस्टेबल को रविवार को निलंबित कर दिया गया है.

चूरू में अदालत ले जाते समय युवक की मौत; भालेरी के थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित
निलंबित (Photo Credits: pixabay)

जयपुर, 28 अगस्त : राजस्थान में चुरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में शनिवार को बस से अदालत ले जाए जा रहे एक व्यक्ति की वाहन से कूदने के कारण हुई मौत के मामले में भालेरी के थाना प्रभारी और दो कांस्टेबल को रविवार को निलंबित कर दिया गया है. बीकानेर के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि थाना प्रभारी केदारमल और कांस्टेबल सतवीर पूनिया तथा भैरू सिंह (जो युवक को बस से अदालत लेकर जा रहा था) को रविवार को निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के द्वारा किया जा रहा है और इस मामले की न्यायिक जांच की जायेगी.

गौरतलब है कि दहेज प्रताड़ना से जुड़े मामले में पुलिस ने शुक्रवार को प्रमोद कुमार (38) को गिरफ्तार किया था. शनिवार को भालेरी थाने से चुरू के तारा नगर अदालत ले जाने के दौरान बुचावास के पास वह बस के पिछले दरवाजे से कूद गया. उसे तारा नगर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. उसे कांस्टेबल भैरू सिंह लेकर जा रहे थे. यह भी पढ़ें : बरेली में कंटेनर-ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर; दो बच्‍चों समेत छह श्रद्धालुओं की मौत

अधिकारी ने बताया कि आरोपी प्रमोद कुमार को कांस्टेबल सतवीर पूनिया के हाथो नोटिस भेजा गया था, लेकिन कांस्टेबल ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले में थाना प्रभारी केदारमल, आरोपी को नोटिस देने के लिए जिम्मेदार कांस्टेबल सतवीर पूनिया और उसे अदालत लेकर जा रहे कांस्टेबल भैरू सिंह को रविवार को निलंबित कर दिया गया है.

पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद प्रमोद के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराने की सहमति दे दी है.

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2022 03:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).