देश की खबरें | युवा कांग्रेस ने केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया, यमुना में डुबकी लगाने की मांग की

नयी दिल्ली, 31 जनवरी भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘‘झूठे वादों’’ के खिलाफ शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया और उनसे यमुना नदी में डुबकी लगाने की मांग की।

युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, केजरीवाल के फिरोजशाह रोड स्थित आवास की तरफ बढ़ रहे संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया।

चिब ने कहा, ‘‘आज हम सभी अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर उन्हें यह याद दिलाने आए हैं कि इस साल उनकी यमुना जी में डुबकी लगाने की बारी है। अब अरविंद केजरीवाल को अपने वादे याद नहीं हैं।’’

उन्होंने कटाक्ष किया, ‘‘यमुना जी का करके हाल बेहाल, अब गायब है खुद अरविंद केजरीवाल।’’

चिब ने दावा किया कि जब से आम आदमी पार्टी दिल्ली में सत्ता में आई है तब से प्रदूषण और गंदगी जैसे दिल्ली की पहचान बन गई है।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकरा और कई अन्य पदाधिकारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)