लखनऊ, एक सितंबर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के ठाकुरगंज के बेगरिया स्थित आवास पर शुक्रवार तड़के जुआ खेलने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है ।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) आकाश कुलहरि ने शुक्रवार की शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के कन्हैया माधोपुर वार्ड बेगरिया फरीदीपुर निवासी विकास श्रीवास्तव की तहरीर मिली कि शुक्रवार को तड़के विकास किशोर (केन्द्रीय मंत्री के पुत्र) के आवास पर उनके भाई विनय श्रीवास्तव (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।
कुलहरि ने बताया कि इसकी जांच के दौरान मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। पूछताछ में तीनों ने घटना कारित करना स्वीकार किया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल केंद्रीय मंत्री के बेटे विकास किशोर उर्फ आशू का है, जिसे बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके लाइसेंस निरस्तीकरण के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, इसके अलावा एक अदद खोखा कारतूस, एक अदद डीबीआर सीसीटीवी, ताश के 52 पत्ते और दो हजार रुपये बरामद किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि बरामद सामग्री को स्थानीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मामले के आरोपी अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किये गये तीनों आरोपी लखनऊ के रहने वाले हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY