खेल की खबरें | युवा जिम्नास्ट प्रोतीशा सामंत विश्व कप की टीम में

अगरतला, 13 मार्च पश्चिम बंगाल की युवा जिम्नास्ट प्रोतीशा सामंत को मिस्र और अजरबेजान में होने वाले आगामी विश्व कप के लिए भारत की छह सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

पुणे में 2019 में खेलो इंडिया युवा खेलों की महिला अंडर-17 आलराउंड कलात्मक जिम्नास्टिक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली 18 साल की सामंत मिस्र के काहिरा में 17 से 20 मार्च तक होने वाले विश्व कप में हिस्सा लेंगी।

वह 29 मार्च से एक अप्रैल तक होने वाले बाकू विश्व कप में भी प्रतिस्पर्धा पेश करेंगी।

सामंत त्रिपुरा में बिशेश्वर नंदी के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग कर रही हैं। नंदी ने ओलंपियन दीपा करमाकर को भी ट्रेनिंग दी है।

नंदी ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह अच्छी खबर है कि प्रोतीशा को विश्व स्तर पर अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा। वह दो स्पर्धाओं बोल्टिंग टेबल और बैलेंसिंग बीम में हिस्सा लेगी। वह इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीत सकती हैं।’’

विश्व कप में 45 से 50 देशों जिम्नास्ट के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

भारतीय दल का सोमवार को काहिरा रवाना होने का कार्यक्रम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)