देश की खबरें | आप ‘सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी’ का नेतृत्व कर रहे हैं : तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से कहा

नयी दिल्ली, एक जुलाई तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी’ का नेता बताया जो रोजगार देने, लोकतंत्र का पोषण करने, संघवाद को संरक्षित करने और महंगाई पर लगाम लगाने की ‘विरोधी’ है।

तृणमूल कांग्रेस ने यह टिप्पणी मध्यप्रदेश के शहडोल में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने भाषण में ‘विपक्षी पार्टियों’ पर हमला किए जाने के जवाब में की।

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ ब्रायन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रोजगार, लोकतंत्र और संघवाद का विरोध करने का आरोप लगाया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह ‘विपक्षी पार्टियां नहीं’ हैं, माननीय प्रधानमंत्री! यह आप हैं जो सबसे बड़ी ‘विपक्षी पार्टी’ का नेतृत्व कर रहे हैं जो युवाओं को रोजगार देने का विरोध कर रही, लोकतंत्र का पोषण करने के खिलाफ है, संघवाद के सरंक्षण की विरोधी है। महंगाई रोकने का विरोध कर रही।’’

मोदी ने अपने भाषण में कहा था, ‘‘जो एक साथ आना चाहते हैं उनके (विपक्षी दलों के) सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो रहे हैं। यह विपक्षी पार्टियां केवल वंशवाद की राजनीति को प्रोत्साहित करने के लिए एकजुट हो रही हैं।’’

गौरतलब है कि पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद भाजपा ने बैठक के उद्देश्य और उसमें हिस्सा लेने वाली पार्टियों की एकजुटता पर सवाल उठाया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)