सहारनपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दिल्ली-मेरठ राजमार्ग पर पहुंचकर हजारों की तादाद में उपस्थित शिव भक्तों पर दोनों हाथों से पुष्प बरसाए।
योगी के लिए यहां पर विशेष मंच बनाया गया था, जिस पर खड़े होकर उन्होंने पुष्प वर्षा की।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर कांवड़ियों का उत्साह देखने लायक था। बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर थिरकते हुए कांवड़ियों ने भी योगी का अभिनंदन किया और इस बीच शिवभक्तों की ओर से योगी-योगी, हर हर महादेव और जय भोले का उद्घोष भी सुनाई दिया।
योगी के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद भी उपस्थित रहे। इससे पहले शुक्रवार दोपहर को मेरठ के आसमान से शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
हेलीकॉप्टर से प्रशासन, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आसमान से कांवड़ियों पर फूल बरसाए, मेरठ से बरनावा तक कांवड़ियों पर फूल वर्षा की गयी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सरकार आने के बाद लगातार हर साल कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों पर फूल बरसाए जाते हैं। कुछ दिन पहले वाराणसी में भी अधिकारियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की थी।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मेरठ और बागपत में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की थी।
इस दौरान मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे., पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नचिकेता झा ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के हेलीपैड से अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर में सवार होकर बेगमपुल, सिवाया टोल प्लाजा, मटौर, सकौती, दादरी, खतौली, सलावा, नानू पुल, पूठखास, जानी, निवाड़ी मोहिउद्दीनपुर, परतापुर इंटरचेंज, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर से होते हुए औघड़नाथ मंदिर के ऊपर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।इसके बाद बागपत पुलिस लाइन, रेलवे क्रॉसिंग, बरनावा पुलिस चौकी और गल्हैता के बाद पुरा महादेव मंदिर के ऊपर से भी कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY