शिवमोगा (कर्नाटक), 18 नवंबर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने भाजपा सरकार द्वारा मतदाताओं से जुड़ी जानकारी के कथित दुरुपयोग संबंधी कांग्रेस के आरोपों को शुक्रवार को आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया और इसे विपक्षी पार्टी का षड्यंत्र करार दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह आगामी विधानसभा चुनावों में हार के डर से ऐसे आरोप लगा रही है।
येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी के पास नेतृत्व का अभाव है, इसी कारण उन्होंने आधारहीन (फर्जी) आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। ऐसा कोई दुरुपयोग नहीं हुआ है। यह कांग्रेस का षड्यंत्र है।’’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि अगर कोई अनियमितता हुई है तो जांच का आदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से इस संबंध में सबूत देने को भी कहा है।
भाजपा नेता ने आगामी विधानसभा चुनाव में हार के डर से ऐसे आधारहीन आरोप लगाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की है।
येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘कांग्रेस को ऐसे आरोप लगाना शोभा नहीं देता है। बेशक, हम फिर से सत्ता में लौटेंगे। कोई रोक नहीं सकता।’’
विपक्षी दल कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को बेंगलुरु में मतदाताओं की जानकारी की ‘चोरी’ और निजता का हनन किये जाने का आरोप लगाया। इस सिलसिले में गैर सरकारी संगठन ‘चिलूम ट्रस्ट’ और उसके एक कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कांग्रेस का आरोप है कि एक निजी एजेंसी को ऑनलाइन आवेदन भरने के सिलसिले में जागरुक करने के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने की अनुमति दी गई और उन्हें स्वयं को बूथ स्तर का अधिकारी बताकर मतदाताओं की व्यक्तिगत जानकारी जुटाने का कार्य सौंपा गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY