बेंगलुरू, पांच अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पता और उनके कैबिनेट सहयोगियों ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए आधारशिला रखे जाने के अवसर पर लोगों को बुधवार को शुभकामनाएं दीं।
कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे येदियुरप्पा ने ट्वीट किया, ‘‘सदियों बाद अयोध्या में भगवान राम का अभिषेक होगा।’’
उन्होंने कहा कि कई साधुओं, संतों और श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण का सपना साकार करने के लिए कुर्बानी दी और यह सपना जल्द ही पूरा होगा।
येदियुरप्पा ने कहा कि लोगों ने मंदिर का निर्माण देखने के लिए किए संघर्ष में कई मुश्किलों का सामना किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्रियों डॉ. सी एन अश्वत्थ नारायण, गोविंद करजोल, लक्ष्मण सावदी, मंत्रियों एस सुरेश कुमार, रमेश जरकीहोली और अन्य लोगों ने भी बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी।
उच्चतम न्यायालय ने दशकों पुराने मुद्दे का पिछले साल समाधान करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY