देश की खबरें | यशवर्धन कुमार सिन्हा शनिवार को लेंगे सीआईसी पद की शपथ, सरकार ने चुने 3 सूचना आयुक्त
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, छह नवंबर सूचना आयुक्त यशवर्धन कुमार सिन्हा को शनिवार को मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के तौर पर शपथ दिलाई जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पूर्व राजनयिक सिन्हा को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद द्वारा पद की शपथ दिलाई जाएगी।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: पप्पू यादव ने कहा- ‘आखिरी चुनाव’ कह इमोशनल ब्लैकमेल कर रहे नीतीश कुमार, बीजेपी ने लिखी है स्क्रिप्ट.

अधिकारियों ने कहा कि पत्रकार उदय माहुरकर, पूर्व श्रम सचिव हीरा लाल सामारिया और पूर्व उप नियंत्रण एवं महालेखा परीक्षक सरोज पुनहानी को सिन्हा द्वारा सूचना आयुक्त के तौर पर शपथ दिलाई जाएगी।

सिन्हा, माहुरकर, सामारिया और पुनहानी का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति द्वारा किया गया है।

यह भी पढ़े | Chandigarh Bans Sale and Use Of Crackers: चंडीगढ़ में पटाखों की बिक्री और जलाने पर लगी पाबंदी.

मोदी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और गृह मंत्री अमित शाह इस समिति के सदस्य हैं।

सिन्हा ने एक जनवरी 2019 को सूचना आयुक्त का पद संभाला था। वह ब्रिटेन और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं।

इस साल अगस्त में बिमल जुल्का का कार्यकाल पूरा होने के बाद दो महीने से ज्यादा समय से मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली पड़ा था।

सिन्हा (62) का कार्यकाल करीब तीन सालों का होगा।

सीआईसी या सूचना आयुक्त पांच वर्ष के लिये या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक के लिये नियुक्त किया जाता है।

माहुरकर, सामारिया और पुनहानी के शामिल होने के साथ ही सूचना आयुक्तों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी जबकि उनकी स्वीकृत क्षमता 10 है।

वनाजा एन सरना, नीरज कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र और अमिता पांडोवे अन्य सूचना आयुक्त हैं।

माहुरकर एक प्रमुख मीडिया संस्थान के साथ सीनियर डिप्टी एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह गुजरात के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्वविज्ञान में स्नातक हैं।

सामारिया तेलंगाना कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह सितंबर में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव के तौर पर सेवानिवृत्त हुए थे।

पुनहानी, 1984 बैच के भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (आईएएएस) अधिकारी रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)