नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को यमुना में जहरीले झाग को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि जन स्वास्थ्य के प्रति उसकी ‘‘घोर लापरवाही’’ और ‘‘पूर्ण उपेक्षा’’ के कारण नदी ‘‘गंभीर रूप से प्रदूषित’’ बनी हुई है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया नदी में सफेद झाग की मोटी परत देखे जाने के बाद आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे खासकर त्योहारों के मौसम के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के खतरा हो गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आये कई वीडियो में नदी के बड़े हिस्से में झाग बनते हुए दिखाई दे रहा है, जो पानी के ऊपर बादलों जैसा लग रहा था। वैसे बाद में यह धीरे-धीरे छंट गया।
भाजपा महासचिव तरुण चुग ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘ यमुना को साफ करने के दिल्ली के पूर्व मुख्मयंत्री अरविंद केजरीवाल के वादों के बावजूद नदी बुरी तरह प्रदूषित बनी हुई है। जहरीला झाग जमा होना जारी है और हानिकारक प्रदूषकों की अनियंत्रित उपस्थिति दिल्ली के जल संसाधनों और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर कहर बरपा रही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘बढ़ता प्रदूषण’ जल संसाधनों की सुरक्षा के प्रति आप सरकार की ‘पूर्ण प्रतिबद्धता की कमी’ और औद्योगिक अपशिष्ट निपटान को ‘प्रभावी ढंग से’ विनियमित करने में भी उसकी अक्षमता को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने कहा कि नदी में प्रदूषकों की मौजूदगी से “दीर्घकालिक पर्यावरणीय खतरा” पैदा होता है, जिसमें मनुष्यों और जलीय जीवन दोनों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम शामिल हैं।
चुघ ने कहा कि इस मुद्दे के समाधान के लिए तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता है, लेकिन उन्हें संदेह है कि मौजूदा “अक्षम आप नेतृत्व” के तहत ऐसी कार्रवाई हो भी पाएगी या नहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY