देश की खबरें | चुनाव जीतने के लिए बिना रुके, बिना डरे 24 घंटे काम करें : प्रियंका गांधी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देते हुए चुनाव तक चौबीसों घंटे काम करने का लक्ष्य तय करने और एक साथ मिलकर मजबूती से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

लखनऊ, 17 जुलाई कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र देते हुए चुनाव तक चौबीसों घंटे काम करने का लक्ष्य तय करने और एक साथ मिलकर मजबूती से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने के इरादे से राजधानी लखनऊ के दौरे पर आईं प्रियंका ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, '' आप लोग आज से 24 घंटे काम करने का लक्ष्य निर्धारित करें, न रुकें और न ही डरें। आपको आगे बढ़ना है, ताकत के साथ आगे बढ़ना है और चुनाव जीतना है।''

शुक्रवार को यहां आने के बाद से ही कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद कर रहीं वाद्रा ने अन्य राजनीतिक दलों पर तंज करते हुए कहा, '' आपको यह गर्व करने की जरूरत है कि यहां जो संगठन बनाया गया है, वह फर्जी नहीं है या सिर्फ कागजों पर नहीं है, यह संगठन आपकी वजह से है और अगर कांग्रेस चर्चा में है तो यह आपकी वजह से है।''

कांग्रेस नेता ने कहा, ''आप सभी को इस बात पर गर्व होना चाहिए कि आज सभी न्याय पंचायतों में संगठन का गठन किया गया है और सभी जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर की समितियों का गठन किया जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश संगठन में एक नई ऊर्जा है और यह आपकी वजह से है।''

प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से लोगों के मुद्दों, उनके संघर्षों और भावनाओं से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता लोगों के मुद्दों को उठाने वाले पहले हैं। उन्होंने नये लोगों को संगठन में शामिल करने और वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने की नसीहत देते हुए स्पष्ट किया कि सभी लोग मिलकर ही इस लड़ाई को लड़ सकते हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कार्यकर्ताओं को नारे लगाने के साथ ही अनुशासन का भी सबक दिया। उन्होंने कहा, "आपको चुनाव जीतना है तो यह मत भूलो कि लड़ने के लिए अनुशासन भी जरूरी है, मजबूत बनो। हम सभी चुनाव के लिए आगे काम करेंगे और इतना काम करेंगे कि सभी इसे स्वीकार करेंगे।" उन्होंने कहा कि जहां भी कोई समस्या हुई है, पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\