देश की खबरें | समाज एवं राष्ट्र के विकास में महिलाओं की महती भूमिका है: मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार को सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर एवं स्वतंत्र हैं और सशक्त होकर स्वयं, समाज और राष्ट्र के विकास में महती भूमिका अदा कर रही हैं।
भोपाल, आठ मार्च मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार को सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर एवं स्वतंत्र हैं और सशक्त होकर स्वयं, समाज और राष्ट्र के विकास में महती भूमिका अदा कर रही हैं।
विधानसभा के कार्यवाही शुरु होते ही प्रदेश के संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘‘आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। नारी का सम्मान जहां हैं, वहां संस्कृति का उत्थान है और यह सिर्फ हमारी धरा है जिसे भारत माता कहते हैं। विश्व में कोई देश नहीं है, जिसे मां का दर्जा मिला हो।’’
प्रदेश के गृह मंत्री मिश्रा ने महिला दिवस पर सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा, ‘‘जैसे आपने (अध्यक्ष) आज पूरे सचिवालय में मातृ शक्ति का सम्मान किया है। हमने भी अनियंत्रित गति को नियंत्रित करने के लिए पूरे प्रदेश की यातायात व्यवस्था जीवन को गति देने वाली बेटियों के हाथ में दी है।’’
नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने इस अवसर पर कहा, ‘‘ मैं महिला दिवस को मातृ दिवस कहना चाहता हूं। भारत की पहचान हमारी संस्कृति, सभ्यता और हमारे देवी-देवताओं से है। विश्व का ऐसा कोई ऐसा देश नहीं, जहां इतनी देवियां हों। यह भारत की पहचान है, इसलिए हम अपने देश को भारत माता कहकर पुकारते हैं।’’
अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन की महिला सदस्यों एवं प्रदेश की समस्त महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘ आज महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वतंत्र हैं। समाज में उनका अहम स्थान एवं भूमिका है। अपने गुणों के आधार पर वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सशक्त होकर स्वयं, समाज और राष्ट्र के विकास में महती भूमिका का निर्वहन और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।’’
इसके बाद अध्यक्ष ने उन विधायकों एवं देश की अन्य हस्तियों का सदन में उल्लेख किया, जिनका हाल में निधन हुआ है। सदन में लक्ष्मीनारायण गुप्ता, रमेश वल्यानी, मदन सिंह डहरिया, तथा तिलक राज सिंह एवं पार्श्व गायिका सुश्री लता मंगेशकर को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)