देश की खबरें | गाजियाबाद के होटल में महिला की लाश मिली, हत्या की आशंका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गाजियाबाद के बजरिया इलाके स्थित एक होटल से बृहस्पतिवार को एक महिला की लाश बरामद की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गाजियाबाद (उप्र), पांच मई गाजियाबाद के बजरिया इलाके स्थित एक होटल से बृहस्पतिवार को एक महिला की लाश बरामद की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टतया यह प्रतीत हो रहा है कि महिला की हत्या की गई है।
पुलिस के अनुसार बजरिया बाजार रेलवे रोड पर एक होटल के कमरे में 48 वर्षीया महिला मृत पाई गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रथम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11.20 बजे महिला होटल पहुंची और कमरा लेने के लिए स्वागत टेबल पर अपना पहचान पत्र दिखाया जिसके अनुसार उसका नाम प्रियंका देवी (48) निवासी अलीगढ़ है।
उन्होंने बताया कि महिला के साथ सतीश प्रकाश नामक एक व्यक्ति भी था। उन्होंने बताया कि महिला ने एक कर्मचारी को पैसे दिये और गुटखा लाने को कहा। वहीं देर रात करीब ढाई बजे सतीश वहां से चला गया।
सिहं ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह कर्मचारी जब कमरे की सफाई के लिए पहुंचे तो देखा कि महिला बिस्तर पर मृत पड़ी है। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच की जा रही है।
सीओ के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि होटल में महिला के साथ आने वाले व्यक्ति ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि महिला के चेहरे व आंख के नीचे भी निशान दिखाई दे रहा था।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में महिला के साथ आये युवक के बाहर जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
सीओ ने कहा कि महिला के साथ होटल में आये युवक की पुलिस तलाश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2022 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

