देश की खबरें | जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई।
महासमुंद, 29 मई छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई।
महासमुंद जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि जिले के बागबहरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत धरमपुर गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में मजदूर महिला बिसाहिन बाई :40 वर्ष: की मृत्यु हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि पास के बिजराडीह गांव में तालाब को गहरा करने का कार्य चल रहा है। कार्य में शामिल होने बिसाहिन बाई अपने पति और एक अन्य रिश्तेदार बालिका के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर धरमपुर गांव से निकली थी।
उन्होंने बताया कि जब वह कुछ दूरी पर थे तब उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। इस दौरान बिसाहिन के पति प्रेम सागर और बालिका खुशबू ने भागकर अपनी जान बचाई। लेकिन हाथी ने बिसाहिन बाई को कुचलकर मार डाला।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए वन विभाग के दल को रवाना किया गया। बाद में दल ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उन्होंने बताया कि मृतक महिला के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की कार्यवाही की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों का आतंक जारी है। पिछले एक माह के दौरान यहां हाथियों ने तीन लोगों की जान ले ली है।
सं संजीव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2021 02:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

