देश की खबरें | महिला को गांव में पीटते हुए घुमवाया, पति सहित सात आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गये जेल
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

झाबुआ (मध्यप्रदेश), 31 जुलाई मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में कथित प्रेम संबंध की शंका पर एक आदिवासी महिला के ससुराल वालों ने उसे अमानवीय सजा देते हुए उसके कंधे पर पति को बैठाकर मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमवाया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरूवार रात उसके पति सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़े | नोएडा के सेक्टर -11 में बिल्डिंग गिरी, 4 को बचाया गया, राहत बचाव कार्य जारी: 31 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

झाबुआ जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर झाबुआ कोतवाली अंतर्गत ग्राम छापरी रणवासा में मंगलवार को यह घटना हुई। बुधवार की रात इसका वीडियो वायरल हुआ था।

इस वीडियो में महिला के कंधे पर उसके पति को बिठाकर कुछ लोग उसे मारते हुए गांव में घुमवाते देखे जा सकते हैं। महिला के पीछे भीड़ भी है, जिनमें से कुछ लोगों के हाथों में डंडे हैं। वे इस महिला का उपहास करते नजर आ रहे हैं और यह महिला अपने चेहरे को पीले शॉल से छुपाती दिख रही है।

यह भी पढ़े | समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव तसादुक जिलानी की कोरोना से मौत, श्रीनगर के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा था इलाज.

झाबुआ जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने शुक्रवार को बताया, ‘‘सामाजिक कुरीतियों की वजह से यह घटना घटी है। घटना में सात आरोपी बनाए गए हैं। इनमें सभी पीड़ित महिला के रिश्तेदार हैं।’’

उन्होंने कहा कि इन सभी आरोपियों के खिलाफ भादंवि की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गुप्ता ने बताया कि गुरूवार दर रात महिला के पति बदिया सिंगाड के साथ दितू सिंगाड, झितरा सिंगाड, शंकर भाभर एवं भूरू सिंगाड को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि महिला के जेठ कालिया और जेठानी धनी बाई को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गुप्ता ने बताया कि पीड़ित युवती का विवाह तीन वर्ष पूर्व छापरी रणवासा के बदिया नाम के युवक से हुआ था।

उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा बुधवार की रात झाबुआ कोतवाली पर मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)